कनाडा में पंजाबी गायक एमी विर्क के काफिले में शामिल वाहन पर गोलीबारी, बाल-बाल बचे

अंतरराष्ट्रीय
Spread the love

वाशिंगटन: नौ सितंबर (ए) पंजाबी गायक एमी विर्क कनाडा के एबॉट्सफोर्ड में अपने काफिले के एक वाहन पर हुई गोलीबारी में बाल-बाल बच गए। स्थानीय मीडिया की खबरों से यह जानकारी मिली।

यह हमला ब्रिटिश कोलंबिया प्रांत में पांच सितंबर को रोजर्स फोरम में विर्क के संगीत कार्यक्रम के तुरंत बाद हुआ। कनाडा के मीडिया संस्थानों ‘वैंकूवर सन’ और ‘एबॉट्सफोर्ड न्यूज’ ने स्थानीय पुलिस अधिकारियों के हवाले से गोलीबारी की जानकारी दी है।एबॉट्सफोर्ड पुलिस विभाग के सार्जेंट पॉल वॉकर ने बताया, ‘‘पांच सितंबर, 2026 को रात करीब 11 बजे मैक्कलम रोड पर एक वाहन जा रहा था, तभी किसी दूसरे वाहन में सवार लोगों ने उस पर गोलीबारी की। शुरुआती जांच में पता चला है कि गहरे रंग की एसयूवी में सवार लोगों ने इस वाहन पर कई गोलियां चलाईं।’’

उन्होंने हमलावरों या पीड़ितों की पहचान उजागर नहीं की।

वॉकर ने बताया कि घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

उन्होंने कहा कि गोलीबारी के कुछ देर बाद पुलिस के अधिकारियों को एक वाहन में आग लगने की सूचना मिली। मौके पर पहुंचने पर अधिकारियों ने एक एसयूवी को पूरी तरह आग की लपटों में घिरा पाया।