सहारनपुर (उप्र): 16 अक्टूबर (ए) सहारनपुर जिले में नागल थानाक्षेत्र के लखनौर गांव में शुक्रवार सुबह 27 वर्षीय एक महिला ग्राम विकास अधिकारी अपने घर में मृत पायी गयीं। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने उनकी गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका जताई है। अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मयंक पाठक ने ‘ बताया कि लखनौर गांव के वीरेंद्र की पुत्री कोमल मनरेगा में ग्राम विकास अधिकारी थीं।
उन्होंने बताया कि बृहस्पतिवार रात कोमल ने अपने माता-पिता और दो छोटे भाइयों के साथ खाना खाया था तथा उसके बाद वह अपने कमरे में सोने चली गईं, जबकि उनके माता-पिता घर के सामने एक बरामदे में सो गए।
पाठक के मुताबिक, शुक्रवार सुबह करीब आठ बजे कोमल को उनकी मां ने जगाने की कोशिश की और कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर उन्होंने चादर हटाई तो कोमल मृत मिलीं। कोमल के गले पर दबाव के निशान थे।
अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर नागल थाना प्रभारी राधेश्याम यादव पुलिस टीम और फॉरेंसिक विशेषज्ञों के साथ मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया।
पाठक ने बताया कि पुलिस ने कोमल का मोबाइल फोन भी कब्जे में लिया है और उनके परिजन तथा आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।
उन्होंने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की पुष्टि हो सकेगी।
