हमें ईरान की तरफ से ताजा हमलों का सामना करना पड़ा है : कुवैत की सेना

अंतरराष्ट्रीय
Spread the love

दुबई: 16 जुलाई (एपी) कुवैत की सेना ने बृहस्पतिवार को कहा कि उसे ईरान की तरफ से ताजा हमलों का सामना करना पड़ा है और उसने इन हमलों को नाकाम करने का प्रयास किया है।

यह हमला ऐसे समय में हुआ है जब अमेरिका ने ईरान पर अपने हमले तेज कर दिए हैं, क्योंकि दोनों देशों के बीच होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर तनाव बढ़ गया है।

ईरान द्वारा गुरुवार तड़के बहरीन और कुवैत को निशाना बनाकर हमले किए गए। यह हमले अमेरिका द्वारा ईरान पर नौसैनिक नाकाबंदी फिर से लागू करने और होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने की कोशिश कर रहे जहाजों पर तेहरान के हमलों के जवाब में अपने हवाई हमले तेज करने के बाद किए गए थे।

ईरानी हमलों से हुए नुकसान या हताहतों के बारे में तत्काल कोई जानकारी नहीं मिली है।

मध्य पूर्व में अमेरिका और ईरान द्वारा कई दिनों तक चले एकतरफा हमलों और वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति के लिए महत्वपूर्ण जलमार्ग पर नए सिरे से उत्पन्न खतरों ने संघर्ष को समाप्त करने के लिए हुए अंतरिम समझौते को ध्वस्त कर दिया है और यह क्षेत्र एक बार फिर पूर्ण युद्ध की ओर लौट सकता है।

अमेरिका ने अप्रैल में पहली बार नाकाबंदी लगाई थी और पिछले महीने अंतरिम समझौते पर हस्ताक्षर करने के बाद इसे हटा लिया था। इस समझौते के तहत लड़ाई रोक दी गई थी और ईरान के परमाणु कार्यक्रम जैसे मुद्दों पर बातचीत के लिए 60 दिन की अवधि तय की गई थी। हालांकि, होर्मुज जलडमरूमध्य पर लड़ाई तेज होने के कारण ये वार्ताएं ठप हो गई हैं।

नाकाबंदी दोबारा लागू होने के लगभग 24 घंटे बाद, अमेरिकी सेना ने गोलीबारी की और एक व्यापारिक जहाज को निष्क्रिय कर दिया।

ईरान के संसद अध्यक्ष और प्रमुख वार्ताकार मोहम्मद बगेर क़लीबाफ़ ने कहा कि अगर अमेरिका अंतरिम समझौते की शर्तों का पालन नहीं करता है तो ईरान पूर्ण सैन्य टकराव के लिए तैयार है, और ईरान के अर्धसैनिक रिवोल्यूशनरी गार्ड ने नाकाबंदी के विरोध में मध्य पूर्व से सभी ऊर्जा निर्यात रोकने की धमकी दी है।

गार्ड ने कहा, “इस क्षेत्र से तेल और गैस का निर्यात या तो सभी के लिए होगा या किसी के लिए भी नहीं होगा।”

अमेरिका द्वारा 24 घंटों के भीतर हमलों की तीसरी लहर शुरू करने के तुरंत बाद, ट्रम्प ने कहा कि ईरान शांति समझौते के लिए तैयार है, लेकिन उन्होंने इस बारे में विस्तार से नहीं बताया।

“वे हमारे काम को पसंद नहीं करते और समझौता करना चाहते हैं। हम देखेंगे कि हम उनके साथ समझौता करते हैं या फिर इसे पूरी तरह खत्म कर देते हैं,” उन्होंने बुधवार को पेन्सिलवेनिया में अमेरिकी सेना युद्ध कॉलेज में आयोजित एक रक्षा शिखर सम्मेलन में कहा।

बुधवार को बाद में, ट्रंप ने सोशल मीडिया पर कहा कि तेहरान ने 2024 से ईरान में गलत तरीके से हिरासत में लिए गए एक अमेरिकी नागरिक को रिहा करके “सद्भावना का संकेत” दिया है। उन्होंने इसके बारे में और कोई जानकारी नहीं दी। मानवाधिकार वकील जेरेड गेन्सर ने एक बयान जारी कर हिरासत में लिए गए व्यक्ति की पहचान अपनी मुवक्किल डेना करारी के रूप में की, जो एक अमेरिकी-ईरानी नागरिक हैं और एक गैर-लाभकारी संस्था चलाती हैं, जिन पर जासूसी का आरोप लगाया गया था।

ईरानी अधिकारियों ने बताया कि अमेरिकी हमलों में ईरान की एक सेना बैरक को निशाना बनाया गया, जिसमें कम से कम सात सैनिक मारे गए और देश भर में सैकड़ों लोग घायल हो गए।