भदोही (उप्र): 17 मई (ए)
पुलिस के अनुसार, युवती शनिवार की शाम थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर बसंतपुर गांव निवासी आशीष, गोली, राजेश, मेहिलाल, सनी और छोटेलाल के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 74, 191(2), 351(3), 352, 115(2) के तहत मामला दर्ज किया गया।
औराई के थाना प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) अश्विनी कुमार त्रिपाठी ने बताया कि 14 मई की शाम युवती घर के दरवाजे पर बंधी भैंसों को दूसरी जगह बांधने गई थी, तभी आशीष ने उसे जबरन पकड़कर सुनसान जगह ले जाने की कोशिश की। विरोध करने पर आरोपी ने युवती को धक्का देकर जमीन पर गिरा दिया और अश्लील हरकत कर लज्जा भंग करने का प्रयास किया।
उन्होंने बताया कि युवती के रोने-चिल्लाने पर परिजन और दो भाई मौके पर पहुंचे। उन्होंने आशीष को दौड़ाकर पकड़ लिया। आरोप है कि इसके बाद आशीष के पक्ष के पांच लोग लाठी-डंडे लेकर आए और गाली-गलौज करते हुए युवती व दोनों भाइयों पर हमला कर दिया। हमलावर आशीष को छुड़ाकर ले गए।
उन्होंने कहा कि तीनों घायलों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज कराया।
पुलिस ने कहा कि आरोपी पहले भी युवती से राह चलते छेड़छाड़ कर चुका है, जिसकी शिकायत युवती के पिता ने उसके परिजनों से की थी। लोकलाज के चलते युवती पहले थाने नहीं आई। एसएचओ ने बताया कि शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।