लखनऊ/गाजियाबाद: 16 जुलाई (ए)
सहायक पुलिस आयुक्त भास्कर वर्मा ने बृहस्पतिवार को बताया कि मोदीनगर इलाके में बुधवार रात शराब के नशे में धुत होकर घर लौटे निखिल ने अपने पिता हरिओम (52) पर एक जमीन अपने नाम करने का दबाव बनाया। वर्मा के मुताबिक, इस बात को लेकर दोनों के बीच बहस शुरू हो गई, जिससे तैश में आए निखिल ने पिस्तौल से अपने पिता पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। शोर सुनकर हरिओम की पत्नी मीनाक्षी व बेटा नीशू आाए और उन्हें समझाने लगे, लेकिन निखिल गुस्से में था। उसने पिस्टल से हरिओम पर ताबड़तोड़ सात राउंड फायर किये और फरार हो गया। हरिओम को चार गोली सिर, सीने व गले में लगी।छोटा बेटा और पत्नी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने हरिओम को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बताया कि मीनाक्षी की तहरीर पर केस दर्ज किया गया है। निखिल फरार है।उन्होंने बताया कि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच में जुटी है।