Site icon Asian News Service

दिल्ली में कोरोना कहर के बीच ठंड ने दी दस्तक, रविवार से और बढ़ने की संभावना

Spread the love

नई दिल्ली, 20 नवंबर एएनएस। देश की राजधानी दिल्ली में कोरोना के कहर के बीच अब ठंड का दौर शुरू है। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में गुरुवार को न्यूनतम तापमान पहली बार 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया। मौसम विभाग ने बताया है कि गुरुवार को तापमान 9.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इस मौसम में पहली बार पारा इस स्तर तक आया है, जोकि सामान्य से तीन डिग्री कम है। अधिकतम तापमान भी 25.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जोकि सामान्य से दो डिग्री कम है।
भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने सोमवार को बताया था कि बर्फ से ढंके पश्चिमी हिमालय की ओर से बर्फीली हवाओं के चलने की वजह से इस सप्ताह तापमान 10 डिग्री से नीचे चला जाएगा। पंजाब के आदमपुर और फरीदकोट में इस मौसम का न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया है। गुरुवार को यहां पारा 5.6 डिग्री सेल्सियस रहा। हिसार, रोहतक, सिरसा में तापमान क्रमश: 8.2, 8,9 और 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 
रीजनल वेदर फोरकास्टिंग सेंटर के हेड कुलदीप श्रीवास्तव ने कहा, ”सामान्य तौर पर न्यूनतम तापमान नवंबर में 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे नहीं जाता है। हाल के सालों में 2017 में नवंबर के आखिरी सप्ताह में न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। इस समय न्यूनतम तापमान 10 से नीचे आना असामान्य है।” इस बीच मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि रविवार से तापमान में और गिरावट आएगी। श्रीवास्तव ने कहा, ”हम 22 नवंबर से पूरे उत्तर-पूर्व भारत में न्यूनतम तापमान में गिरावट देख रहे हैं, जब पश्चिमी विक्षोप पश्चिमी हिमालय क्षेत्रको प्रभावित करने वाला है।” उन्होंने यह भी कहा कि शुक्रवार से हवा की गति बढ़ेगी। यह 18 किलोमीटर प्रति घंटे के आसपास हो सकती ह। इससे दिल्ली में प्रदूषण का स्तर कम होगा। दिल्ली में गुरुवार को एयर क्वालिटी इंडेक्स 283 दर्ज किया गया, जो खराब श्रेणी में आता है। 

Exit mobile version