Site icon Asian News Service

बीजेपी ने जनता को अपराध, महामारी और बाढ़ के संकट में डूबो दिया : अखिलेश

Spread the love

लखनऊ,04 अगस्त एएनएस । समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा सरकार ने उत्तर प्रदेश की जनता को अपराध, कोरोना महामारी और बाढ़ के संकट में डूबो दिया है। भाजपा सरकार केवल गाइडलाइन जारी करती है और सो जाती है। 

प्रदेश में कानून-व्यवस्था को नियंत्रण में रखने पर भाजपा की राज्य सरकार पूरी तरह विफल है। अपराधियों पर उसका कोई अंकुश नहीं रह गया है। प्रदेश में लगभग 1 लाख से ज्यादा कोरोना मरीज हो गए हैं। प्रदेश के विभिन्न जिलों में बाढ़ का प्रकोप गहराता जा रहा है, तटबंध टूट रहे हैं, गांव जलमग्न हो रहे हैं, अधिकारी उधर झांकने भी नहीं जा रहे हैं।

 अखिलेश ने मंगलवार को बयान में कहा कि  कोरोना संकट का विस्तार दिन प्रतिदिन बढ़ता ही जा रहा है। उत्तर प्रदेश में 97,362 केस मिले जिनमें 1778 मौतें हो चुकी है। लखनऊ में 22 मौतें हुई हैं। मंगलवार को कोविड-19 की तादाद भारत में 18.5 लाख तक पहुंच गई। 24 घंटे में 52,050 नए केस दर्ज हुए।

 सपा मुखिया ने कहा कि अब उत्तर प्रदेश में पुलिस के भरोसे नहीं जनसामान्य की सुरक्षा अपराधियों की दयादृष्टि से ही सम्भव है। वस्तुतः प्रदेश अब अराजक जंगलराज में तब्दील हो गया है। प्रशासन बाढ़ से निबटने और अपराध नियंत्रण के मामलों में निष्क्रिय नज़र आता है। कोराना से बचाव में स्वास्थ्य सेवाएं नाकामयाब साबित हो चुकी हैं। भाजपा सरकार ने राज्य को राम भरोसे छोड़ दिया है। जनता त्रस्त है। लोगों की उम्मीदें भी अब भाजपा सरकार से खत्म हो चुकी हैं। सभी को अब 2022 के चुनावों का इंतजार है जब वोट से सत्ता परिवर्तन का उन्हें मौका मिलेगा।

Exit mobile version