Site icon Asian News Service

रूस समर्थित अलगाववादियों ने यूक्रेन की गोलाबारी में युद्धबंदियों के मारे जाने का दावा किया

Spread the love

कीव, 29 जुलाई (ए) मारियुपोल की जंग के दौरान बंधक बनाये गये कम से कम 40 यूक्रेनी युद्धबंदी यूक्रेन की गोलाबारी में मारे गये हैं। पूर्वी यूक्रेन में रूस के समर्थन वाले अलगाववादियों ने यह दावा किया।

दोनेत्स्क क्षेत्र में रूस समर्थित अलगाववादियों के प्रवक्ता दानिल बेजसोनोव ने कहा कि यूक्रेन की ओर से शुक्रवार को ओलेनिवका कस्बे में एक जेल पर गोले दागे गये जिसमें कम से कम 40 यूक्रेनी युद्धबंदी मारे गये और 130 घायल हो गये।

इस खबर पर यूक्रेन के अधिकारियों की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली है।

यूक्रेन में मारियुपोल के आजोव सागर बंदरगाह के लिए भीषण संघर्ष के बाद यूक्रेन के सैनिकों को बंदी बना लिया गया था। वे कई महीने तक विशाल अजोवस्त्ल इस्पात कारखाने में छिपे हुए थे।

आजोव रेजीमेंट और अन्य यूक्रेनी इकाइयों ने करीब तीन महीने तक इस्पात कारखाने को बचाया और इसकी सुरंगों में छिपे रहे। उन्होंने रूस के तेज हमलों के बीच मई में आत्मसमर्पण कर दिया था।

इसके बाद बड़ी संख्या में यूक्रेन के सैनिकों को दोनेत्स्क जैसे रूस नियंत्रित इलाकों की जेलों में ले जाया गया। दोनेत्स्क पूर्वी यूक्रेन से अलग हुआ एक क्षेत्र है जिसे रूस समर्थित अलगाववादी अधिकारी चलाते हैं।

उधर यूक्रेन के अधिकारियों ने दावा किया कि रूस के सैनिकों ने देश के दूसरे सबसे बड़े शहर खारकीव में गोलाबारी की।

शहर के मेयर इहोर तेरेखोव ने कहा कि उत्तर पूर्वी शहर के मध्य के एक हिस्से को निशाना बनाया गया जिसमें दो-मंजिला एक इमारत और एक उच्च शिक्षण संस्थान तबाह हो गये। तेरेखोव ने कहा कि शुक्रवार को तड़के 4 बजे के कुछ ही समय बाद हमला हुआ।

उन्होंने टेलीग्राम पर एक संदेश में लिखा, ‘‘राज्य आपात सेवा काम कर रही है। वे मलबा हटा रहे हैं और उसमें दबे लोगों को खोज रहे हैं।’’ एपी वैभव मनीषा मनीषा 2907 1508 कीव

Exit mobile version