Site icon Asian News Service

संदिग्ध परिस्थतियों में प्रेमी युगल की मौत

Spread the love

शाहजहांपुर (उप्र), 17 सितंबर (ए) शाहजहांपुर जिले में एक युवती तथा उसके प्रेमी के शव मिले हैं। दोनों के शव पर गोली लगने के निशान हैं। यह जानकारी पुलिस ने दी।

पुलिस ने बताया कि दोनों के बीच पिछले छह वर्षों से प्रेम संबंध था और लगता है कि उनकी गोली मारकर हत्या की गई है।

पुलिस अधीक्षक एस. आनंद ने शुक्रवार को बताया कि शाहजहांपुर जिले के थाना गढ़िया रंगीन अंतर्गत नौगवा गांव में शुक्रवार सुबह युवती बंटी (22) का शव उसके घर की दूसरी मंजिल पर मिला, वही गांव के ही निवासी आशीष कश्यप (25) का शव गांव के बाहर पड़ा मिला। दोनों के शव पर गोली लगने के निशान हैं।

उन्होंने बताया कि युवक के जेब से दो कारतूस भी बरामद किए गए हैं।

पुलिस अधीक्षक ने बताया आशीष और बंटी शादी करना चाहते थे, लेकिन एक ही गोत्र के होने के कारण उनके परिवार के सदस्य दोनों की शादी करने के लिए राजी नहीं थे। दोनों ठाकुर बिरादरी के थे।

उन्होंने कहा कि आशीष की शादी तीन वर्ष पहले हो चुकी थी और उसके दो बच्चे भी हैं। इसके बाद भी युवक युवती से बराबर मिलता था।

पुलिस ने दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और जांच कर रही है कि क्या यह झूठी शान की खातिर हत्या है।

Exit mobile version