मुंबई, 18 मई (ए)
हादसा दहानू तालुका के धानीवारी गांव के पास शाम करीब चार बजे हुआ जब 50 से अधिक यात्री एक आइशर टेम्पो में सवार होकर एक सगाई समारोह में जा रहे थे।
एक बयान में, फडणवीस ने कहा कि इस दुर्घटना में 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि लगभग 20 लोग घायल हो गए।
मुख्यमंत्री ने मृतकों के प्रति शोक जताया और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की। उन्होंने यह भी घोषणा की कि राज्य सरकार प्रत्येक मृतक के परिजन को पांच लाख रुपये का मुआवजा देगी।
उन्होंने बताया कि घायलों को कासा स्थित उप-जिला अस्पताल और धुंडलवाड़ी के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
फडणवीस ने बताया कि वह जिला प्रशासन के साथ लगातार संपर्क में रहे और पुलिस अधीक्षक भी दुर्घटनास्थल पर मौजूद थे। उन्होंने कहा कि घटनास्थल पर बचाव अभियान पूरा हो चुका है।