लखनऊ,15 मई ए। उत्तर प्रदेश सरकार ने गुरुवार की देर शाम 84 पीसीएस अधिकारियों का एक साथ तबादला कर दिया है
। इस व्यापक फेरबदल की जद में कई महत्वपूर्ण जिलों के अपर जिलाधिकारी (एडीएम), नगर मजिस्ट्रेट, विकास प्राधिकरणों के सचिव और अपर नगर आयुक्त आए हैं। वाराणसी, लखनऊ, प्रयागराज, कानपुर और गोरखपुर जैसे प्रमुख शहरों के प्रशासनिक ढांचे में बड़े बदलाव किए गए हैं।वाराणसी के अपर जिलाधिकारी (नगर) आलोक कुमार वर्मा को मुख्य राजस्व अधिकारी सुलतानपुर बनाया गया है, जबकि हरदोई की अपर जिलाधिकारी प्रियंका सिंह को नागरिक सुरक्षा प्रशिक्षण संस्थान लखनऊ का कमांडेंट नियुक्त किया गया है। इसके अलावा, श्रद्धा शांडिलयायन को परीक्षा नियंत्रक, उत्तर प्रदेश विशेषज्ञ चिकित्सक एवं चिकित्सा शिक्षक भर्ती बोर्ड लखनऊ बनाया गया है। शुभी काकन अब उप आवास आयुक्त, आवास विकास परिषद लखनऊ होंगी। आगरा विकास प्राधिकरण के सचिव संजय कुमार को अब इसी पद पर आगरा में ही नई जिम्मेदारियों के साथ समायोजित किया गया है, जबकि सुधीर कुमार को एडीएम (मुख्यालय) बनाया गया है। शासन ने स्पष्ट किया है कि तबादला आदेशों का पालन तुरंत सुनिश्चित किया जाए। किसी भी प्रकार की शिथिलता बरतने पर संबंधित अधिकारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। लगभग सभी प्रमुख विभागों और विकास प्राधिकरणों में तैनात पीसीएस अधिकारियों को इधर से उधर किया गया है ताकि विकास कार्यों और जनसुनवाई में तेजी लाई जा सके।