चंडीगढ़, 24 जून (ए)
पुलिस के अनुसार, यह घटना बटाला के मुंडी कलार गांव में मंगलवार रात को हुई। आरोपी की पहचान 35 वर्षीय मनजोत सिंह के रूप में हुई है, जो मंगलवार रात अपने चाचा निशान सिंह के घर गया था। इस दौरान उसका दोस्त परगट सिंह भी उसके साथ था।
उसने बताया कि खान प्यारा गांव का निवासी परगट एक पूर्व सैनिक था।
पुलिस ने बताया कि मनजोत के पास परगट की पिस्तौल थी, जिससे उसने अपनी चाची हरदीप कौर (45) और उनके बेटे हरमीत सिंह (13) पर गोलियां चला दीं। घटना के समय निशान सिंह घर पर मौजूद नहीं थे।
अधिकारियों के मुताबिक, इस गोलीबारी का विरोध करने पर परगट सिंह की मनजोत से बहस हो गई, जिसके बाद आरोपी ने परगट की भी गोली मारकर हत्या कर दी। परगट का शव घर के बाहर एक खुली जगह पर मिला।
पुलिस ने बताया कि इस वारदात को अंजाम देने के बाद मनजोत अपने घर लौट गया और उसी हथियार से कथित तौर पर खुद को भी गोली मार ली। मनजोत का शव उसके घर की रसोई में मिला। उसके माता-पिता की मौत हो चुकी है और उसका भाई विदेश में रहता है।
पुलिस ने बताया कि निशान सिंह जब अपने घर लौटे तो उन्हें अपनी पत्नी और बेटे के शव मिले, जिसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को घटना की सूचना दी।
पुलिस को आशंका है कि इन हत्याओं का कारण मनजोत और निशान सिंह के बीच ज़मीनी विवाद था। पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए बटाला के सिविल अस्पताल भेज दिया है।