फोटो-फाईल
पुलिस के मुताबिक, कार्यक्रम दोहरीघाट रेलवे स्टेशन पर दोपहर दो बजे शुरू हुआ, जिसमें राज्य के ऊर्जा मंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता एके शर्मा मंच पर मौजूद थे। उसने बताया कि घोसी से सपा सांसद राजीव राय अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे, जिसके बाद दोनों पक्षों में तीखी नारेबाजी शुरू हो गई। पुलिस के अनुसार, स्थिति बिगड़ती देख पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया और दो क्षेत्राधिकारी (सीओ) समेत आरपीएफ ने मोर्चा संभाला।उसने बताया कि मंच के पास पहुंचने को लेकर भारी धक्का-मुक्की हुई, जिसमें मधुबन के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) अंजनी कुमार पांडेय और एक अन्य सीओ जितेंद्र सिंह को हस्तक्षेप करना पड़ा।
अधिकारियों के मुताबिक, शाम चार बजे रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने दिल्ली से वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिये ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। उन्होंने बताया कि ट्रेन रवाना होने के बाद भी विवाद थमा नहीं और सपा सांसद राय नाराज होकर मंच से उतर गए तथा समर्थकों के साथ लौट गए।
ऊर्जा मंत्री शर्मा ने सपा पर निशाना साधते हुए कहा, “प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार विकास कार्य कर रही है, लेकिन सपा श्रेय लेने के लिए हंगामा करती है।”
उन्होंने कहा, “ये लोग जितना उत्पात करेंगे, जनता उतना ही भाजपा के साथ मजबूती से खड़ी होगी।”
वहीं, राय ने भाजपा कार्यकर्ताओं पर आरोप लगाया कि उन्हें कार्यक्रम स्थल तक जाने नहीं दिया गया और सांसद की गाड़ी तक रोक दी गई।
सपा सांसद ने दावा किया कि उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को रोक दिया, जिससे बड़ा टकराव टल गया।