कोलकाता: 11 मई (ए)
एक सरकारी आदेश में कहा गया है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता दिलीप घोष को पशु संसाधन विकास और कृषि विपणन के साथ-साथ पंचायत और ग्रामीण विकास विभाग का प्रभार दिया गया है।
इसमें कहा गया है कि अग्निमित्रा पॉल को महिला एवं बाल विकास एवं समाज कल्याण विभाग और नगरपालिका मामलों का प्रभार दिया गया है, जबकि अशोक कीर्तनिया को खाद्य एवं आपूर्ति एवं सहकारिता विभाग सौंपे गये।
आदेश के अनुसार, खुदीराम टुडू को जनजातीय विकास, पिछड़ा वर्ग कल्याण और अल्पसंख्यक मामलों तथा मदरसा शिक्षा विभाग का मंत्री बनाया गया।
निसिथ प्रमाणिक को उत्तर बंगाल विकास विभाग के साथ-साथ युवा एवं खेल विभाग की भी जिम्मेदारी सौंपी गई।
अधिसूचना में कहा गया है, ‘‘बाकी विभागों का कामकाज मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी देखेंगे।’’
भाजपा के एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि विभागों का बंटवारा पार्टी द्वारा संगठनात्मक अनुभव और क्षेत्रीय एवं सामाजिक प्रतिनिधित्व के बीच संतुलन बनाने के प्रयास को दर्शाता है।