भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और केंद्रीय मंत्रियों के साथ बैठक की

राष्ट्रीय
Spread the love

नयी दिल्ली: 29 अक्टूबर (ए) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष नितिन नवीन ने बृहस्पतिवार को पार्टी के राष्ट्रीय महासचिवों के साथ पार्टी मुख्यालय में बैठक की। उन्होंने शिवराज सिंह चौहान, पीयूष गोयल और किरेन रिजीजू समेत कई केंद्रीय मंत्री के साथ भी बैठक की।

निर्वाचन आयोग के कामकाज और मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) में कथित अनियमितताओं के खिलाफ विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ की दिल्ली में एक नवंबर को रामलीला मैदान में प्रस्तावित रैली से पहले यह बैठक हुई जिसमें पार्टी के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, पीयूष गोयल, किरेन रीजीजू और अश्विनी वैष्णव शामिल हुए।

केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया और पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के अलावा भाजपा की राष्ट्रीय महासचिव स्मृति ईरानी भी बैठक में मौजूद रहीं।

बैठक में हुई चर्चा के संबंध में कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई। हालांकि, सूत्रों ने बताया कि इसमें एसआईआर के खिलाफ विपक्ष के लगातार अभियान और इससे निपटने के लिए पार्टी की जवाबी रणनीति पर चर्चा हुई।

भाजपा विपक्ष के विमर्श का मुकाबला करने के लिए पहले ही देशव्यापी ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान शुरू कर चुकी है।

सूत्रों के अनुसार, बैठकों में पार्टी की प्रदेश इकाइयों, नेताओं और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी के साथ अभियान को प्रभावी ढंग से चलाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।

सूत्रों ने बताया कि इस अभियान के तहत केंद्रीय मंत्री अलग-अलग तारीखों पर विभिन्न राज्यों में पदयात्राओं का नेतृत्व करेंगे।

एक सूत्र ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘पार्टी एसआईआर प्रक्रिया और निर्वाचन आयोग के कामकाज को लेकर कांग्रेस तथा उसके सहयोगियों द्वारा फैलाए जा रहे झूठ को उजागर करने के लिए अन्य कार्यक्रम भी आयोजित करेगी।’’

सूत्र ने कहा कि भाजपा विपक्ष के ‘‘झूठ’’ का मुकाबला करने के लिए सोशल मीडिया और डिजिटल मंचों का भी प्रभावी ढंग से इस्तेमाल करेगी।

इससे पहले दिन में, नवीन ने पार्टी के राष्ट्रीय महासचिवों के साथ बैठक कर संगठन से जुड़े विभिन्न मुद्दों और आगामी कार्यक्रमों पर चर्चा की।

बैठक के बाद नवीन ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘आज भाजपा मुख्यालय में राष्ट्रीय महासचिवों के साथ बैठक की और आगामी कार्ययोजना तथा संगठन से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की।’’

भाजपा अध्यक्ष ने पार्टी मुख्यालय में अलग से आयोजित पार्टी के युवा मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में भी हिस्सा लिया।

सूत्रों ने बताया कि भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) की दिनभर चली बैठक में नरेन्द्र मोदी सरकार के खिलाफ विपक्ष के लगातार चलाए जा रहे अभियानों के बीच युवाओं तक पहुंच बनाने की योजना पर चर्चा हुई।