बेगूसराय: 29 अक्टूबर ( ए) बिहार के बेगूसराय जिले में ढाबी नदी में नौका पलटने से एक बच्ची समेत दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, घटना बुधवार रात जिले के बछवाड़ा थाना क्षेत्र के चमथा राजौली गांव के पास गंगा की सहायक धाबी नदी में हुई जब किसान दिनभर काम करने के बाद नौका पर सवार होकर अपने घर लौट रहे थे।
पुलिस के अनुसार नौका पर सवार 20 लोगों में से 18 तैरकर सुरक्षित बाहर निकल गये जिनमें से चार स्थानीय अस्पताल में उपचाराधीन हैं ।
बछवाड़ा के सहायक थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार उपाध्याय ने दो लोगों की मौत की पुष्टि करते हुए बताया कि राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) ने कई घंटे तक तलाशी अभियान चलाने के बाद सोगरथ महतो (45) और राबो कुमारी (15) के शव बरामद किए।
पुलिस ने बताया कि हादसे में बचे लोगों में से चार का स्थानीय अस्पताल में इलाज किया जा रहा है।
इलाज के लिए बछवाड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लाई गईं लखरुपिया देवी ने अधिकारियों को बताया कि रजौली, चक्की गोपालपुर और आसपास के कई गांवों के मजदूर परवल की बेल लगाने के लिए दियारा के रेतीले इलाकों में गए थे।
अधिकारियों ने बताया कि काम खत्म करने के बाद लौटने के दौरान नाव में असंतुलन पैदा हो गया, जिससे वह नदी में पलट गई।
घटना की सूचना मिलने के तुरंत बाद जिलाधिकारी ऋची पांडेय वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। उन्होंने अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) को घटना की विस्तृत जांच करने का निर्देश दिया।
