वाशिंगटन: 15 नवंबर (एपी) अमेरिका की एक संघीय अदालत ने राष्ट्रपति के आधिकारिक आवास एवं कार्यालय ‘व्हाइट हाउस’ के पास स्थित ऐतिहासिक सार्वजनिक गोल्फ कोर्स में सभी तरह के निर्माण कार्यों पर शनिवार को अस्थायी रोक लगा दी।
इस फैसले से राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की पोटोमैक नदी के किनारे स्थित इस गोल्फ कोर्स को अंतरराष्ट्रीय स्तर के चैंपियनशिप स्थल के रूप में विकसित करने की योजना फिलहाल रुक गई है।
‘यूएस डिस्ट्रिक्ट जज’ एना रेयेस ने यह आदेश ‘ईस्ट पोटोमैक गोल्फ लिंक्स’ को 15 महीने के लिए बंद किए जाने से ठीक एक दिन पहले दिया। ट्रंप ने कानूनी चुनौती के बावजूद रविवार से निर्माण कार्य शुरू करने की घोषणा की थी। इस परियोजना को लेकर ‘डीसी प्रिजर्वेशन लीग’ और दो स्थानीय गोल्फ खिलाड़ियों ने फरवरी में मुकदमा दायर किया था।
याचिकाकर्ताओं का तर्क है कि ट्रंप की योजना से आम लोगों के लिए सुलभ यह गोल्फ कोर्स अपना मौजूदा स्वरूप खो देगा और यहां खेलना महंगा हो जाएगा। हालांकि, ट्रंप ने इन आरोपों से इनकार किया है। याचिकाकर्ताओं ने अदालत से काम रुकवाने का अनुरोध करते हुए कहा था कि गोल्फ कोर्स बंद करने और निर्माण शुरू करने से उन्हें तथा जनहित को ऐसी क्षति पहुंचेगी, जिसकी भरपाई संभव नहीं होगी।
यह परियोजना वाशिंगटन की कई ऐसी योजनाओं में शामिल है, जिन्हें ट्रंप राजधानी का स्वरूप बदलने के लिए आगे बढ़ा रहे हैं।
ट्रंप ने शनिवार को सोशल मीडिया पर न्यायाधीश के फैसले की आलोचना करते हुए कहा कि वह गोल्फ कोर्स की मरम्मत में बाधा डाल रही हैं। उन्होंने वाशिंगटन इलाके में रहने वाले निवासियों को शुल्क में 50 प्रतिशत छूट देने का भी वादा किया।
