दतिया (मध्यप्रदेश): 26 जुलाई (ए) मध्यप्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर उपचुनाव के तहत 30 जुलाई को होने वाले मतदान से पहले सभी राजनीतिक दलों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। सत्तारूढ़ दल भाजपा और विपक्षी दल कांग्रेस के नेताओं ने रविवार को विभिन्न इलाकों में प्रचार किया।
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह सहित कई अन्य नेता अलग-अलग इलाकों में प्रचार करने पहुंचे।
चौहान ने जहां कांग्रेस की चुनौती को खारिज करते हुए भाजपा उम्मीदवार आशुतोष तिवारी की जीत सुनिश्चित होने का दावा किया वहीं सिंह ने कहा कि जनता का भरोसा ‘हाथ’ के साथ बना रहेगा।
दतिया विधानसभा सीट पर 30 जुलाई को मतदान होगा और मतगणना तीन अगस्त को होगी।
दतिया के बसई में एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए चौहान ने विकास के मुद्दे पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जीत का भरोसा जताते हुए कहा कि केंद्र और राज्य की सत्तारूढ़ पार्टी के सामने कोई चुनौती नहीं है।
उन्होंने विश्वास जताया कि दतिया की जनता भाजपा के पक्ष में मतदान करेगी और आशुतोष तिवारी को भारी मतों से विजयी बनाएगी।
उपचुनाव के प्रचार के अंतिम दौर में आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और सांसद चंद्रशेखर आजाद ने दतिया के बसई और उदगवां में जनसभा को संबोधित किया वहीं कांग्रेस की ओर से दिग्विजय सिंह, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार और जयवर्धन सिंह सहित अन्य नेताओं ने ग्रामीण अंचलों में प्रचार किया।
वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में इस सीट पर कांग्रेस के राजेंद्र भारती ने तत्कालीन गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा को 7,500 से अधिक मतों से हराया था। हालांकि, दिल्ली की एक अदालत ने अप्रैल में धोखाधड़ी के एक मामले में भारती को तीन वर्ष के कारावास की सजा सुनाई थी, जिसके बाद उनकी विधानसभा सदस्यता समाप्त हो गई और दतिया सीट पर उपचुनाव की आवश्यकता पड़ी। बाद में भारती को जमानत मिल गई।
सिंघार ने एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि जनता फसल नुकसान, खाद की किल्लत और 27 प्रतिशत ओबीसी आरक्षण जैसे मुद्दों पर भाजपा सरकार से बेहद नाराज है। उन्होंने दावा किया कि हर वर्ग से कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह के पक्ष में मिल रहा अभूतपूर्व जनसमर्थन इस बात का संकेत है कि दतिया में कांग्रेस की जीत तय है।
उन्होंने कहा, ‘‘जनता के आशीर्वाद से घनश्याम सिंह विधानसभा पहुंचकर दतिया के किसानों, युवाओं, पिछड़ों और आमजन की आवाज़ को मजबूती से उठाएंगे।’’
इस बीच, मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने दतिया के सात पुलिस अधिकारियों का स्थानांतरण पुलिस मुख्यालय भोपाल में करते हुए उनके स्थान पर अन्य पुलिस अधिकारियों की दतिया में तैनाती की है।
