गिरिडीह: 23 नवंबर (ए) झारखंड के गिरिडीह जिले में पुरानी रंजिश के चलते एक पड़ोसी ने कथित तौर पर एक बुजुर्ग व्यक्ति और उसकी 30 वर्षीय बहू की धारदार हथियार से हत्या कर दी। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, घटना सुबह करीब तीन बजे पचंबा थाना क्षेत्र के रानीखावा-सुंडीटोला में हुई।
मृतकों की पहचान शुकर मंडल (60) और उनकी बहू शीला देवी के रूप में हुई है।
पचंबा थाने के प्रभारी राजीव कुमार ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘दोनों के शव पोस्टमार्टम के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल भेज दिए गए हैं। प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि विवाद के बाद पड़ोसी ने उनकी हत्या की। दोनों पड़ोसियों के बीच पुरानी रंजिश भी थी। हालांकि, विवाद का सटीक कारण पता लगाया जा रहा है। आरोपी की पहचान कर ली गई है और वह फिलहाल फरार है।’’
कुमार ने बताया कि आरोपी कथित तौर पर किसी बात को लेकर हुए विवाद के बाद मंडल के घर में घुसा और उन पर हमला कर दिया। जब उनकी बहू ने अपने ससुर को बचाने की कोशिश की तो आरोपी ने उसकी भी हत्या कर दी। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
उन्होंने बताया कि दोनों पर धारदार हथियार से हमला किया गया। मामले की आगे जांच की जा रही है।
