नयी दिल्ली: 29 नवंबर (ए) पूर्वी दिल्ली के विश्वास नगर में एक आवासीय परिसर के अंदर ई-रिक्शा पार्किंग क्षेत्र में रविवार तड़के भीषण आग लगने से चार लोगों की मौत हो गई और दो अन्य झुलस गए। दिल्ली अग्निशमन सेवा के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि आग सुबह चार बजकर 15 मिनट पर सीबीडी शाहदरा इलाके में यूनिटी मॉल के पास गली नंबर 11 स्थित एक मकान में लगी। अधिकारी ने कहा, ‘‘वहां फंसे छह लोगों को दिल्ली अग्निशमन सेवा के कर्मियों ने बाहर निकाला और एंबुलेंस तथा पुलिस नियंत्रण कक्ष (पीसीआर) के वाहनों से हेडगेवार अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल के एक चिकित्सा अधिकारी ने उनमें से चार को मृत घोषित कर दिया, जबकि दो अन्य करीब 10 प्रतिशत झुलस गए।’’उन्होंने कहा कि संबंधित इमारत में भूतल, एक मध्यवर्ती तल और इसके अलावा तीन अन्य मंजिलें थीं।
अधिकारी ने कहा कि दमकल की गाड़ियों और आपातकालीन सेवा के अन्य वाहनों को मौके पर भेजा गया, तथा इस संबंध में विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा है।
