Site icon Asian News Service

बौखलाया रूस अब यूक्रेन पर करेगा ‘रासायनिक हथियारों’ से हमला? अमेरिकी राष्ट्रपति ने बताया ‘असली खतरा’

Spread the love

वाशिंगटन, 23 मार्च (ए)। यूक्रेन पर ‘रासायनिक हथियारों’ से हमले का संकट मंडरा रहा है। ये चेतावनी अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने दी। बाइडेन ने बुधवार को कहा कि रूस द्वारा यूक्रेन के खिलाफ रासायनिक हथियारों का संभावित इस्तेमाल एक वास्तविक खतरा है।
नाटो शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए यूरोप रवाना होने से पहले जब बाइडेन से पूछा गया कि क्या रूस यूक्रेन में रासायनिक हथियारों का इस्तेमाल कर सकता है तो इस पर उन्होंने कहा, “मुझे लगता है कि यह एक असली खतरा है।” 
इससे पहले भी अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने इसी तरह की चेतावनी दी थी। उन्होंने कहा कि इस बात के स्पष्ट संकेत हैं कि रूस यूक्रेन में जैविक और रासायनिक हथियारों के इस्तेमाल पर विचार कर रहा है। 
दरअसल इससे पहले रूस के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया कि यूक्रेन अपने ही लोगों पर रसायनिक हथियारों का इस्तेमाल करने की तैयारी में है और इल्जाम रूस पर लगाया जाएगा। रूस ने दावा किया कि अमेरिका इस काम में यूक्रेन का समर्थन कर रहा है। वहीं पश्चिमी देशों का मानना है कि रूस ऐसा कहकर खुद रसायनिक हथियारों का इस्तेमाल करने की सोच रहा है। 
अमेरिकी रक्षा मंत्रालय ने कहा, “अमेरिका की यूक्रेन में कोई भी केमिकल या बायोलॉजिकल लैब नहीं है और ना ही कोई लैब संचालित करता है। रूस का इतिहास रहा है कि वह जो अपराध खुद कर रहा होता है, उसका इल्जाम पश्चिम पर लगा देता है।”  रासायनिक हथियारों को अंग्रेजी में केमिकल वेपन भी कहते हैं। इन हथियारों में रसायनों का इस्तेमाल किया जाता है जो किसी भी इंसान के नर्वस सिस्टम यानी उसके तंत्रिका तंत्र और श्वसन तंत्र को नुकसान पहुंचाते हैं। आम तौर पर यह जानलेवा होते हैं। नर्व एजेंट, ब्लिस्टर एजेंट, चोकिंग एजेंट, ब्लड एजेंट, रॉयट एजेंट कुछ रासायनिक हथियारों के नाम हैं। 

Exit mobile version