Site icon Asian News Service

गाजियाबाद के मुरादनगर श्मशान घाट में गैलरी की छत गिरी, 22 की मौत, कई दबे

Spread the love

गाजियाबाद, 03 जनवरी एएनएस। यूपी के गाजियाबाद जिले में मुरादनगर के श्मशान घाट परिसर में रविवार को गैलरी की छत गिर जाने से उसके नीचे दब कर 22 लोगों की मौत की खबर है जबकि कई लोग अभी भी दबे हुए हैं और कई लोगों को मलबे से निकालकर अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। जानकारी के अनुसार, गाजियाबाद जिले के मुरादनगर स्थित श्मशान घाट में पिलरों पर लिंटर पड़ा था। बारिश में लिंटर अचानक गिर गया। जिसके नीचे करीब 40 लोग दब गए। पुलिस ने 22 लोगों की मौत की पुष्टि की है। सूत्रों ने बताया कि हादसे के शिकार सभी लोग अंतिम संस्कार करने के लिए आए थे। पुलिस प्रशासन ने बचाव अभियान चला रखा हैं। मौके पर भारी भीड़ जमा है। बारिश के कारण बचाव अभियान में दिक्कत आ रही है। अब तक 15 लोगों को मलबे से निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया जा चुका है। घटना के बाद
गाजियाबाद के जिलाधिकारी और एसएसपी मौके पर पहुंचे हैं। वहीं, गाजियाबाद में श्मशान घाट में परिसर की छत गिरने से दबे लोगों को निकालने के लिए राज्य आपदा मोचन बलवीर दल मुरादाबाद की टीम सूचना मिलते ही रवाना हो गई। उप निरीक्षक आशुतोष पांडे इस टीम की अगुवाई कर रहे हैं। टीम में 20 लोग शामिल हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनपद गाजियाबाद के मुरादनगर में छत गिरने की घटना का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने के निर्देश दिए हैं।
सीएम योगी ने कहा कि घटना से प्रभावित व्यक्तियों को हर सम्भव मदद पहुंचाई जाए, साथ ही हादसे में घायल लोगों का समुचित उपचार भी सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनपद गाजियाबाद के मुरादनगर में छत गिरने की घटना में लोगों की मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति की कामना करते हुए मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की है।

मुख्यमंत्री ने इस हादसे में मृतकों के आश्रितों को दो-दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने मण्डलायुक्त, मेरठ एवं एडीजी, मेरठ जोन को घटना के संबंध में रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए हैं।

Exit mobile version