Site icon Asian News Service

यूपी में बाइक सवार बदमाशों ने दिनदहाड़े डॉक्टर को गोलियों से किया छलनी

Spread the love


बुलंदशहर, 08 मई (ए)। यूपी के बुलंदशहर में रविवार को बेखौफ बदमाशों ने यहां एक डॉक्टर की गोली मारकर हत्या कर दी और फरार हो गए। डॉक्टर को बदमाशों ने गोलियों से पूरी तरह से छलनी कर दिया। शहर के अंदर डॉक्टर की हत्या से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने बदमाशों को पकड़ने के लिए घेराबंदी शुरू कर दी है।  बताया जाता है कि रविवार को डॉक्टर शादाब गुलावठी नगर पालिका परिषद के पास स्थित अपनी क्लीनिक पर बैठे हुए थे। इसी दौरान चार बाइक सवार बदमाश फायरिंग करते हुए आए और डॉक्टर को गोलियों से छलनी कर दिया। फायरिंग की आवाज सुनकर बाजार में भगदड़ मच गई। लोग इधर-उधर भागने लगे। बदमाशों ने डॉक्टर पर करीब 30 राउंड फायरिंग की है। जिससे उनकी मौत हो गई। बदमाशों द्वारा की गई फायरिंग में डॉक्टर को 24 गोलियां लगी हैं। घटना के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। मरने वाले डॉक्टर शादाब हैं, जो करीब 16 साल से त्वचा विशेषज्ञ के तौर पर काम कर रहे थे। जैसे ही पुलिस को फायरिंग और हत्या की खबर मिली तो वह मौके पर पहुंच गई। एसएसपी संतोष कुमार सिंह ने बताया डॉक्टर की हत्या पुरानी रंजिश के चलते की गई है। उन्होंने बताया कि बदमाशों को पकड़ने के लिए शहर की नाकाबंदी की गई है। फिलहाल आगे की जांच की जा रही है। 

Exit mobile version