सऊदी अरब के एक हवाई अड्डे पर हमले में भारतीय नागरिक की मौत, दो अन्य घायल

अंतरराष्ट्रीय
Spread the love

दुबई : 22 अक्टूबर (ए) सऊदी अरब के दम्माम हवाई अड्डे पर हुए हमले में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

इससे एक दिन पहले, सऊदी अरब के शायबा तेल क्षेत्र को निशाना बनाकर किए गए ड्रोन हमले में एक अन्य भारतीय नागरिक घायल हुआ था। यमन के हूती विद्रोहियों की ओर से सऊदी अरब के अहम बुनियादी ढांचों पर लगातार हमले किए जा रहे हैं।रियाद स्थित भारतीय दूतावास ने बताया कि सऊदी अधिकारियों ने बुधवार रात दम्माम हवाई अड्डे पर हुए हमले में हताहतों की जानकारी दी है।

दूतावास ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘बुधवार रात दम्माम हवाई अड्डे पर हुए हमले में जान गंवाने वाले दो लोगों में एक भारतीय नागरिक भी शामिल था। इस हमले में दो भारतीय नागरिक घायल हुए हैं।’’

दूतावास ने कहा कि वह घटना से जुड़ी अतिरिक्त जानकारी जुटा रहा है और प्रभावित परिवारों के संपर्क में है।

उसने कहा, ‘‘मृतक के परिवार और प्रियजनों के प्रति हमारी संवेदनाएं हैं। हम घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं।’’

यह हमला ऐसे समय हुआ है, जब सऊदी अरब के हवाई अड्डों, ऊर्जा प्रतिष्ठानों और अन्य महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचों को निशाना बनाकर ड्रोन और मिसाइल हमले तेज हो गए हैं। ईरान समर्थित हूती विद्रोही लंबे समय से सऊदी अरब के खिलाफ हमले कर रहे हैं।

हालांकि, सऊदी अधिकारियों ने दम्माम हवाई अड्डे पर हुए हमले के लिए जिम्मेदार लोगों की सार्वजनिक रूप से पहचान नहीं की है।

इससे पहले बुधवार को सऊदी अरामको के शायबा तेल क्षेत्र को निशाना बनाकर किए गए ड्रोन हमले में एक भारतीय नागरिक घायल हो गया था। ताजा हमले में हताहत हुए लोगों की जानकारी इसी घटना के एक दिन बाद सामने आई है।

भारतीय मिशन ने बुधवार देर रात सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि उसे ‘‘ पता चला है कि शायबा तेल क्षेत्र पर हुए हमले में एक भारतीय नागरिक घायल हुआ है।’’भारतीय दूतावास ने कहा कि वह सऊदी अधिकारियों के संपर्क में है और बुधवार को हुई इस घटना के बारे में अधिक जानकारी मिलने का इंतजार कर रहा है।

दूतावास ने कहा कि वह घायल भारतीय नागरिक को हर जरूरी सहायता मुहैया कराएगा।

सऊदी अरब के ऊर्जा मंत्रालय के अनुसार, वायु रक्षा प्रणालियों ने ड्रोन को बीच में ही रोक दिया, लेकिन उसके मलबे के गिरने से दो लोगों की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए। मृतकों में फिलीपीन और नेपाल के एक-एक नागरिक शामिल थे। घायलों में एक भारतीय और एक पाकिस्तानी नागरिक था।

मंत्रालय ने एक बयान में कहा, “शायबा तेल क्षेत्र को निशाना बनाने की कोशिश को वायु रक्षा प्रणालियों ने नाकाम कर दिया। हालांकि, ड्रोन को रोकने के बाद उसके मलबे के गिरने से दो लोगों की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए।”

सऊदी प्राधिकारियों ने बताया कि ड्रोन को बीच में ही रोकने के दौरान तेल क्षेत्र में काम करने वाले एक ठेकेदार के वाहन में आग लग गई। यह वाहन तेल क्षेत्र की परिधि के बाहर था। इस घटना का तेल क्षेत्र के परिचालन पर कोई असर नहीं पड़ा।

शायबा सऊदी अरब के दक्षिण-पूर्व में स्थित रुब-अल-खाली रेगिस्तान में एक प्रमुख तेल क्षेत्र है। यह संयुक्त अरब अमीरात की सीमा के पास स्थित है और सरकारी कंपनी सऊदी अरामको इसका संचालन करती है। यह तेल क्षेत्र सऊदी अरब के तेल उत्पादन से जुड़े अहम बुनियादी ढांचे का हिस्सा है।

सऊदी अधिकारियों ने सार्वजनिक रूप से यह नहीं बताया है कि हमले की कोशिश के पीछे कौन था।

हूती विद्रोही यमन के उत्तरी हिस्से के बड़े क्षेत्र पर नियंत्रण रखते हैं। वे यमन की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त सरकार के साथ लंबे समय से संघर्ष में हैं। इस सरकार को सऊदी अरब के नेतृत्व वाले गठबंधन का समर्थन प्राप्त है।

इस महीने की शुरुआत में रियाद के किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर भी एक घातक हमला हुआ था। उस हमले में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई थी और कई अन्य घायल हुए थे।

भारत ने सऊदी अरब पर हुए हमलों, खासकर नागरिक प्रतिष्ठानों और बुनियादी ढांचे को निशाना बनाए जाने की कड़ी निंदा की है। भारत ने शत्रुता तत्काल समाप्त करने की अपील भी की है।

भारतीय दूतावास ने सऊदी अरब में रह रहे भारतीय नागरिकों के लिए परामर्श जारी किए हैं। इनमें उन्हें सतर्क रहने, स्थानीय अधिकारियों के निर्देशों का पालन करने और हवाई हमलों के दौरान घरों के अंदर सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने की सलाह दी गई है।

दूतावास ने भारतीय नागरिकों को ड्रोन या मिसाइलों को हवा में रोके जाने की घटनाओं और उनसे प्रभावित स्थलों की तस्वीरें या वीडियो बनाने तथा उन्हें साझा करने से भी आगाह किया है। उसने चेतावनी दी है कि ऐसा करने पर सऊदी कानून के तहत कानूनी कार्रवाई हो सकती है।

सऊदी अरब में बड़ी संख्या में भारतीय नागरिक रहते हैं और विभिन्न क्षेत्रों में काम करते हैं।

भारतीय दूतावास के अनुसार, सऊदी अरब में भारतीय समुदाय की आबादी लगभग 27.4 लाख है।