सियोल: पांच जुलाई (एपी) उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन ने नए 5,000 टन वजनी विध्वंसक पोत ‘कांग कोन’ पर लगी परमाणु हथियार ले जाने में सक्षम क्रूज मिसाइल और अन्य हथियारों के परीक्षण का निरीक्षण किया। सरकारी मीडिया ने रविवार को यह जानकारी दी।
‘कांग कोन’ पिछले साल जलावतरण समारोह के दौरान क्षतिग्रस्त हो गया था और बाद में इसकी मरम्मत की गई। यह परीक्षण परमाणु हथियारों से लैस नौसेना बनाने की किम की योजना के तहत किया गया उत्तर कोरिया का नवीनतम सैन्य शक्ति प्रदर्शन है।
कोरियन सेंट्रल न्यूज एजेंसी (केसीएनए) ने बताया कि यह गतिविधि पिछले दिन हुई थी और किम जोंग उन ने विध्वंसक पोत कांग कोन पर स्थापित रणनीतिक क्रूज मिसाइलों, नौसैनिक तोपखाने, स्वचालित मशीनगनों और इलेक्ट्रॉनिक युद्ध प्रणालियों के परीक्षणों का अवलोकन किया था।
वास्तविक युद्ध परिस्थितियों में जहाज पर मौजूद विभिन्न हथियार प्रणालियों की परिचालन और समन्वित क्षमताओं की जांच और पुष्टि करने के लिए परीक्षण किए गए।
इस कार्यक्रम में बोलते हुए उत्तर कोरियाई नेता ने सशस्त्र बलों की क्षमताओं और युद्ध शक्ति को लगातार मजबूत करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
केसीएनए के अनुसार, किम जोंग उन ने कहा कि प्योंगयांग अपनी रक्षा क्षमताओं को मजबूत करने और ठोस कार्रवाई के माध्यम से देश के सुरक्षा हितों की रक्षा करने के लिए और भी अधिक दृढ़ संकल्पित होगा।
किम ने यह भी निर्देश दिया कि कांग कोन विध्वंसक पोत के शेष परीक्षण कार्यों को सख्ती से पूरा किया जाए ताकि इसे दो महीने के भीतर आधिकारिक तौर पर नौसेना में शामिल किया जा सके।
केसीएनए ने आगे बताया कि उसी दिन किम जोंग-उन ने राष्ट्रीय रक्षा उद्देश्यों के लिए जहाज निर्माण उद्योग के विकास पर एक परामर्श बैठक की अध्यक्षता की।
उत्तर कोरिया ने जून 2025 में विध्वंसक पोत कांग कोन को लॉन्च किया था। पिछले महीने, प्योंगयांग ने विध्वंसक पोत चोए ह्योन को भी शामिल किया।