कानपुर (उप्र): 13 अगस्त (ए) कानपुर में भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) की एक शाखा के लॉकर से करीब 50 लाख रुपये मूल्य के आभूषण गायब होने का मामला सामने आया है। पुलिस ने यह जानकारी दी।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बृहस्पतिवार को बताया कि यह मामला एसबीआई की स्वरूप नगर शाखा का है। पुलिस ने शाखा प्रबंधक और अज्ञात कर्मचारियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस ने बताया कि
कौशलपुरी निवासी रश्मि अरोड़ा की तहरीर के अनुसार वर्ष 2003 में उन्होंने स्वरूप नगर स्थित स्टेट बैंक ऑफ त्रावणकोर की शाखा में बचत खाता खुलवाया था। बैंक ने उन्हें लॉकर नंबर 23 आवंटित किया था। जिसमें उन्होंने करीब 50 लाख रुपये कीमत के जेवरात रखे हुए थे। पति की मौत के बाद वह लखनऊ में अपनी बेटी के घर रहने लगी।करीब चार माह पहले वह अपनी बेटी के साथ बैंक पहुंची तो जानकारी हुई कि स्टेट बैंक ऑफ त्रावणकोर का भारतीय स्टेट बैंक में विलय हो चुका है। उनके खाते से लॉकर का चार्ज से कट रहा था। बीती 21 जुलाई को उन्होंने खाते में रकम जमा करने के बाद बैंक ने लॉकर नंबर बताया। हालांकि उस दिन चाबी नहीं होने के कारण वह लॉकर नहीं देख सकी। जिसके बाद 27 जुलाई को उन्होंने बैंक पहुंचकर लॉकर देखा तो जेवर गायब थे। बैंक कर्मचारियों और पुलिस से शिकायत के बावजूद कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। जिसके बाद उन्होंने बैंक प्रबंधक और कर्मचारियों पर लापरवाही का आरोप लगाकर शिकायत की। स्वरूप नगर थाना प्रभारी ने बताया कि रिपोर्ट दर्जकर कार्रवाई की जा रही है।
