अंबाला: 24 मई (ए)
पुलिस ने बताया कि परिवार में कहासुनी होने पर आरोपी अभिषेक (22) ने सबसे पहले अपनी 95 वर्षीय दादी इसरो देवी को निशाना बनाया। जब उसके बड़े भाई संदीप कुमार और चाचा महिंदर ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो उसने उन पर भी गोली चला दी।घटना के बाद ग्रामीणों और परिजनों ने घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें चंडीगढ़ पीजीआई रेफर कर दिया गया, जहां संदीप और महेंदर ने दम तोड़ दिया। पुलिस की जांच में पता चला है कि आरोपी अभिषेक का अपने परिवार के साथ लंबे समय से विवाद चल रहा था. आरोपी पंचकूला में फार्मेसी की डिग्री की पढ़ाई कर रहा है. आरोपी की दादी इसरो देवी के दो बेटे हैं सतबीर सिंह और महिंदर पाल जो अलग-अलग रहते हैं. महिंदर की अपनी कोई संतान नहीं है, इसलिए, सतबीर का बड़ा बेटा संदीप ही उनकी देखभाल करता था. वहीं, छोटा बेटा अभिषेक सतबीर के साथ रहता है. सतबीर के दोनों बेटों अभिषेक और संदीप के बीच अपनी ज़मीन पर मिट्टी खनन के ठेके और कुछ पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था. पुलिस के अनुसार गांव में दो किला जमीन से मिट्टी निकालने का ठेका चल रहा था। इसी ठेके में हिस्सेदारी को लेकर परिवार में लंबे समय से विवाद था। शनिवार की शाम इस मुद्दे पर फिर कहासुनी हुई जो देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गई। आरोप है कि अभिषेक नामक युवक ने गुस्से में आकर अपने पास मौजूद पिस्तौल से फायरिंग शुरू कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची, शवों को अपने कब्जे में लिया और उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी को पकड़ने के लिए कई जगहों पर छापेमारी कर रही है. पुलिस घटना की बारीकी से जांच कर रही है।