इस्पात संयंत्र में पिघला हुआ लोहा गिरने से आठ श्रमिकों की मौत

राष्ट्रीय
Spread the love

विशाखापत्तनम: आठ जून (ए)) विशाखापत्तनम इस्पात संयंत्र के नाम से जाने जाने वाले राष्ट्रीय इस्पात निगम लिमिटेड के परिसर में सोमवार को पिघला हुए लोहा गिरने से कम से कम आठ श्रमिकों की मौत हो गई।

अधिकारियों ने बताया कि इस घटना में छह श्रमिकों के झुलसने की भी खबर है। उन्होंने बताया कि कुछ श्रमिक गंभीर रूप से झुलस गए हैं और उनकी हालत बेहद नाजुक है।

विशाखापत्तनम के स्वास्थ्य अधिकारियों द्वारा स्वास्थ्य मंत्री सत्य कुमार यादव के साथ साझा की गई जानकारी के मुताबिक, सोमवार शाम 6:30 बजे तक इस्पात संयंत्र से छह श्रमिकों के शव बरामद किए जा चुके हैं, जिनमें से चार को जनरल अस्पताल पहुंचा दिया गया है।

एक आधिकारिक विज्ञप्त में कहा गया है, “इस्पात संयंत्र के जनरल अस्पताल को कुल छह लोगों की मौत की सूचना मिली है।”

एक अधिकारी ने ‘ कहा, “बचाव अभियान जारी है।”

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू के कार्यालय की ओर से जारी विज्ञप्ति में हादसे में कई श्रमिकों की मौत की बात कही गई है।

विज्ञप्ति में कहा गया है कि मुख्यमंत्री ने हादसे में हुई जनहानि पर गहरा दुख जाहिर किया है। उन्होंने सभी विभागों को बचाव अभियान में आपसी तालमेल के साथ काम करने का निर्देश दिया है।

पुलिस के अनुसार, बाल्टी में रखे पिघले लोहे को क्रेन से ले जाया जा रहा था, तभी यह श्रमिकों के ऊपर गिर गया।

पुलिस ने बताया कि पिघला हुआ लोहा बेहद गर्म था और उसका तापमान लगभग 1,600 डिग्री सेल्सियस था।