Site icon Asian News Service

मैनपुरी पहुंचे मुलायम, कार्यकर्ताओं से बोले-‘हार-जीत होती रहेगी आप अन्‍याय के खिलाफ करें संघर्ष’

Spread the love


मैनपुरी, 14 अप्रैल (ए)। गुरुवार को दोपहर 1:45 बजे मैनपुरी के सपा कार्यालय पहुंचे सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव, तो ‘नेताजी जिंदाबाद’ के नारे लगने लगे। कार रुकी तो सुरक्षा से जुड़े चार कर्मियों ने सपा सरंक्षक मुलायम सिंह यादव को नीचे उतारा। एक सुरक्षाकर्मी ने एक हाथ पकड़ा तो एक सुरक्षाकर्मी के कंधे पर मुलायम ने हाथ रखा। नजर भीड़ पर पड़ी तो उन्होंने हाथ हटाकर भीड़ के सामने जोड़ लिए। चेहरे पर चिर परिचित मुस्कान दिखी तो शोर बढ़ गया। उनके साथ सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव भी थे।
विधानसभा चुनाव में प्रचार करने आए मुलायम सिंह यादव ने बेटे अखिलेश यादव के लिए वोट मांगे थे। इसके बाद वे सिर्फ कार्यकर्ताओं से मिलने मैनपुरी आए। आते ही उन्हें कार्यकर्ताओं से मिलने के लिए ले जाया गया। उन्होंने माइक पकड़ा और लगभग 20 मिनट बात रखी। उन्होंने कहा कि आंबेडकर के साथ उन्हें भी काम करने का मौका मिला। समाजवादी लोग उनके अगले जन्मदिवस पर उनके विचारों की पुस्तक तैयार कराएं और इसे जनता के बीच बांटें। मुलायम ने कार्यकर्ताओं से कहा कि संघर्ष ही समाजवादी पार्टी है। अन्याय के खिलाफ संघर्ष करें। चुनाव में हार जीत होती रहती है। पार्टी संगठन को मजबूत करें। उनका मन था कि मैनपुरी के कार्यकर्ताओं से मिला जाए, इसलिए वे कार्यकर्ताओं से मिलने आए हैं।

Exit mobile version