काठमांडू: चार अक्टूबर (ए) नेपाल में मुख्य विपक्षी दल नेपाली कांग्रेस का 15वां आम अधिवेशन रविवार को काठमांडू के टुंडीखेल ओपन ग्राउंड में शुरू हुआ। इस अधिवेशन में देशभर के 7,000 से ज्यादा प्रतिनिधि हिस्सा ले रहे हैं। नेपाली कांग्रेस के प्रवक्ता देवराज चालीसे ने शनिवार को आम अधिवेशन की पूर्व संध्या पर संवाददाताओं से बातचीत में कहा था कि इस आयोजन का मकसद पार्टी के अंदर लोकतंत्र को मजबूत करना और उसे युवा पीढ़ी से जोड़ना है।
चालीसे ने कहा, “आम अधिवेशन में नया नेतृत्व चुनने के अलावा लोकतांत्रिक तौर-तरीकों को संस्थागत बनाने और पार्टी की नयी राजनीतिक एवं संगठनात्मक प्रतिबद्धताओं को लागू करने पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा।”
पार्टी ने आम अधिवेशन के लिए ‘नयी कांग्रेस, नया संकल्प’ नारा अपनाया है।
नेपाली कांग्रेस के अध्यक्ष गगन थापा, उपाध्यक्ष विश्व प्रकाश शर्मा और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता आम अधिवेशन को संबोधित करेंगे।
नेपाली कम्युनिस्ट पार्टी के समन्वयक पुष्पकमल दहाल ‘प्रचंड’, राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी के अध्यक्ष रबी लामिछाने और राष्ट्रीय प्रजातंत्र पार्टी प्रमुख राजेंद्र लिंगडेन के भी अधिवेशन में हिस्सा लेने की संभावना है।
