इस्लामाबाद: 27 अगस्त (ए) पाकिस्तान और कुवैत ने बृहस्पतिवार को प्रशिक्षण, दक्षता विकास और सीमा प्रबंधन जैसे क्षेत्रों समेत द्विपक्षीय रक्षा सहयोग को और मजबूत करने के लिए एक समझौते पर हस्ताक्षर किए।
‘प्रोटोकॉल समझौता-2026’ पर पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ और कुवैत के रक्षा मंत्री शेख अब्दुल्ला अली अल-सबा के नेतृत्व वाले एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल के बीच रावलपिंडी स्थित रक्षा मंत्रालय में हुई बैठक के दौरान हस्ताक्षर किए गए।प्रतिनिधिमंडल के साथ कुवैत के सशस्त्र बलों के चीफ ऑफ जनरल स्टाफ लेफ्टिनेंट जनरल खालिद अल-शरिआन भी मौजूद थे।एक आधिकारिक बयान के अनुसार, दोनों पक्षों ने आपसी हित के मुद्दों पर चर्चा की। बैठक में द्विपक्षीय रक्षा संबंधों, सुरक्षा सहयोग और रक्षा संबंधों को और मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया।
बयान में कहा गया कि नया समझौता ‘रक्षा सहयोग समझौता-2023’ के तहत स्थापित मौजूदा सैन्य सहयोग ढांचे को महत्वपूर्ण रूप से मजबूत करता है।
बयान में कहा गया, ‘‘नए समझौते के तहत पाकिस्तान के सशस्त्र बल प्रशिक्षण, दक्षता विकास, सीमा प्रबंधन और रक्षा सहयोग के अन्य पारस्परिक रूप से सहमति वाले क्षेत्रों समेत विभिन्न क्षेत्रों में कुवैत के सशस्त्र बलों को सहायता प्रदान करेंगे।’’
पाकिस्तान सेना ने एक अलग बयान में कहा कि कुवैत के प्रतिनिधिमंडल ने रावलपिंडी स्थित जनरल हेडक्वार्टर (जीएचक्यू) में फील्ड मार्शल असीम मुनीर से भी मुलाकात की। बैठक में आपसी हित के मुद्दों, क्षेत्रीय सुरक्षा और द्विपक्षीय रक्षा सहयोग पर चर्चा हुई।
