इस्लामाबाद: 18 अप्रैल (ए)
सेना की मीडिया शाखा ने शनिवार को बताया कि यात्रा के दौरान मुनीर ने ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान के साथ चर्चा की और संसद अध्यक्ष मोहम्मद बागेर गालिबाफ एवं विदेश मंत्री अब्बास अराघची से भी मुलाकात की।
उन्होंने खतम उल अंबिया मुख्यालय के कमांडर मेजर जनरल अली अब्दुल्लाही से भी मुलाकात की।
पाकिस्तानी प्रतिनिधिमंडल में गृह मंत्री मोहसिन नकवी भी शामिल थे।
पाकिस्तानी सशस्त्र बलों के मीडिया एवं जनसंपर्क विभाग इंटर-सर्विसेस पब्लिक रिलेशंस (आईएसपीआर) ने एक बयान में कहा कि चर्चा का उद्देश्य ‘‘क्षेत्र में स्थायी शांति लाना था। इस दौरान क्षेत्रीय सुरक्षा के बदलते माहौल, वर्तमान में जारी राजनयिक प्रयासों और क्षेत्र में स्थायी शांति एवं स्थिरता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सहयोगात्मक उपायों पर विशेष जोर दिया गया।’’
आईएसपीआर के अनुसार, मुनीर ने ‘‘संवाद, तनाव कम करने और निरंतर राजनयिक प्रयासों के माध्यम से लंबित मुद्दों के शांतिपूर्ण समाधान’’ की आवश्यकता पर जोर दिया।
आईएसपीआर ने बताया कि पाकिस्तानी सेना प्रमुख ने प्रतिनिधिमंडल की यात्रा के दौरान ईरान के ‘‘गर्मजोशी भरे आतिथ्य’’ की ‘‘अत्यंत सराहना’’ की।
बयान में कहा गया है, ‘‘यह दौरा पश्चिम एशिया संघर्ष के वार्ता के जरिए समाधान को सुगम बनाने और क्षेत्र में शांति, स्थिरता और समृद्धि को बढ़ावा देने के लिए पाकिस्तान के अटूट संकल्प को दर्शाता है।’’