पाटेकर की विशिष्ट अभिनय शैली हमेशा हमारे दिलों में रहेगी: मान

राष्ट्रीय
Spread the love

चंडीगढ़: आठ अक्टूबर (ए) पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बृहस्पतिवार को दिग्गज अभिनेता नाना पाटेकर के निधन पर शोक व्यक्त किया और कहा कि वह जो भी किरदार निभाते थे उसे वास्तव में जीते थे।

विभिन्न प्रकार की भूमिकाएं निभाने और पर्दे पर अपने दमदार अभिनय के लिए मशहूर पाटेकर का बृहस्पतिवार तड़के गोवा स्थित उनके आवास पर निधन हो गया। वह 76 वर्ष के थे।

मान ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘प्रसिद्ध अभिनेता नाना पाटेकर के निधन की खबर सुनकर मुझे गहरा दुख हुआ… यह विश्वास करना बहुत मुश्किल है कि वह अब हमारे बीच नहीं हैं… उन्होंने केवल अभिनय नहीं किया, बल्कि जिस भी किरदार को निभाया, उसे वास्तव में जिया… 90 के दशक की उनकी शानदार फिल्में और उनकी विशिष्ट शैली हमेशा हमारे दिलों में रहेंगी।’’

शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता बिक्रम सिंह मजीठिया ने भी पाटेकर के निधन पर शोक व्यक्त किया।

मजीठिया ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘दिग्गज अभिनेता नाना पाटेकर के निधन से बेहद दुखी हूं। उनके दमदार अभिनय, सादगी और बेजोड़ प्रतिभा ने उन्हें लाखों लोगों के दिलों में खास जगह दिलाई। भारतीय सिनेमा में उनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा। उनके परिवार, दोस्तों और अनगिनत प्रशंसकों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं। वाहेगुरु उनकी आत्मा को शांति दें और उनके प्रियजनों को यह दुख सहने की शक्ति दें।’’

पंजाब कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और लुधियाना के सांसद अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने भी पाटेकर के निधन पर शोक जताया।

वड़िंग ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘नाना पाटेकर के निधन की खबर बेहद दुखद है। सिनेमा ने एक महान अभिनेता और प्रभावशाली व्यक्तित्व को खो दिया है। उनके अभिनय को हमेशा याद किया जाएगा।’’