रांची: 18 नवंबर (ए) झारखंड की राजधानी रांची में खाना परोसने में देरी को लेकर हुए विवाद के बाद रेस्तरां के एक कर्मचारी की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि कर्मचारी पर कथित तौर पर हमला करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।यह घटना मंगलवार रात करीब नौ बजकर 40 मिनट पर धुर्वा थाना क्षेत्र के अंतर्गत जेपी मार्केट स्थित एक रेस्तरां में हुई।
पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान राज्य के गिरिडीह जिले के तिसरी निवासी अजय कुमार दास (36) के रूप में हुई है।
रांची (नगर) के पुलिस अधीक्षक पारस राणा ने संवाददाताओं को बताया, ‘‘घटना के बाद मानवीय और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के दौरान उसने अपराध कबूल कर लिया और जांचकर्ताओं को बताया कि उसने खाना ऑर्डर किया था, लेकिन कर्मचारियों ने उसे परोसने में करीब 15 मिनट की देरी की। इस बात को लेकर उनके बीच विवाद हुआ और गुस्से में आकर उसने मृतक की गर्दन पर चाकू से हमला कर दिया।’’
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पीड़ित को अस्पताल ले जाया गया, जहां चोटों के कारण उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने हमले में कथित तौर पर इस्तेमाल किया गया खून से सना चाकू और आरोपी के कपड़े जब्त कर लिये हैं।
उन्होंने बताया कि जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी का आपराधिक इतिहास रहा है और उसके खिलाफ धुर्वा थाने में एक मामला लंबित है।
