कुरुक्षेत्र: 24 सितंबर (ए) हरियाणा के कुरुक्षेत्र में बृहस्पतिवार को श्रद्धालुओं को ले जा रही एक ट्रैक्टर-ट्रॉली के पलटने से छह लोगों की मौत हो गई और 15 से अधिक लोग घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, हादसा जिले के पिंडारसी गांव के पास उस वक्त हुआ जब लगभग 30 श्रद्धालुओं का यह समूह कलाल माजरा से राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले में स्थित गोगामेड़ी मंदिर जा रहा था। मृतकों की पहचान लीला देवी (58), बाला देवी (50), बोहाती देवी (60), अंजलि (25), अंजलि की 18 महीने की बेटी सीरत और हर्ष (7) के तौर पर हुई है। घायल दो महिलाओं की हालत गंभीर बताई जा रही है। श्रद्धालुओं के अनुसार, यह हादसा तब हुआ जब लकड़ी से लदी एक दूसरी ट्रॉली ने उनकी गाड़ी को टक्कर मार दी, जिससे वह पलट गई। कुछ श्रद्धालुओं ने बताया कि इसमें एक ट्रक भी शामिल था। पुलिस ने बताया कि घायलों को कुरुक्षेत्र के दो अस्पतालों में ले जाया गया। आस-पास मौजूद लोगों ने पलटी हुई ट्रॉली को उठाने और उसके नीचे दबे लोगों को बाहर निकालने में मदद की। कुरुक्षेत्र के आदर्श पुलिस स्टेशन के स्टेशन हाउस ऑफिसर जगदीश टामस ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अंजलि और सीरत के शवों को बरन कम्युनिटी हेल्थ सेंटर में रखा गया, जबकि बाकी शवों को LNJP अस्पताल की मोर्चरी में ले जाया गया।
