लखनऊ: पांच अगस्त (ए) मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को समाजवादी पार्टी (सपा) पर उत्तर प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र की कार्यवाही में बाधा डालने का आरोप लगाते हुए कहा कि सपा के व्यवहार के कारण राज्य के युवाओं, किसानों, महिलाओं और गरीबों को 59 हजार करोड़ रुपये से अधिक के अनुपूरक बजट में प्रस्तावित कल्याणकारी योजनाओं पर चर्चा का मौका नहीं मिल पाया।
योगी ने विपक्ष के हंगामे के बीच तय समय से एक दिन पहले ही विधानसभा की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित होने के तुरंत बाद संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि सरकार की ओर से पेश अनुपूरक बजट में युवाओं, किसानों, महिलाओं और गरीबों के लिए नयी योजनाओं के साथ-साथ मूलभूत ढांचा विकास और अन्य जन-कल्याणकारी पहल के लिए भी प्रावधान किए गए थे।
उन्होंने कहा, “अनुपूरक बजट में रोजगार पैदा करने, क्षमता विकास के कार्यक्रम, किसानों के लिए नयी योजनाओं, गरीबों के लिए कल्याणकारी पहल और महिलाओं की गरिमा तथा आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने वाले उपायों के लिए प्रावधान शामिल थे।”
हालांकि, योगी ने आरोप लगाया कि विपक्ष, खासकर समाजवादी पार्टी ने सदन में इन मुद्दों पर कोई चर्चा नहीं होने दी। उन्होंने कहा, “समाजवादी पार्टी का व्यवहार युवा-विरोधी, किसान-विरोधी, महिला-विरोधी और गरीब-विरोधी है।”
मुख्यमंत्री ने कहा कि बाधाओं के बावजूद विधानसभा ने अनुपूरक बजट पारित कर दिया और सरकार जल्द ही समाज के सभी वर्गों के लिए प्रस्तावित उपायों को लागू करेगी।
सरकार की ओर से घोषित आउटसोर्सिंग आयोग का जिक्र करते हुए योगी ने कहा कि बजट में आउटसोर्स किए गए कर्मचारियों के लिए न्यूनतम वेतन और सामाजिक सुरक्षा लाभ सुनिश्चित करने के वास्ते एक कोष की व्यवस्था की गई है।
उन्होंने कहा कि इस प्रस्ताव को जल्द ही लागू किया जाएगा।
