हमीरपुर (उप्र): पांच अगस्त (ए) हमीरपुर में राष्ट्रीय राजमार्ग-34 पर बुधवार शाम रोडवेज बस और डीजल टैंकर की आमने सामने की टक्कर में बस चालक और टैंकर चालक समेत तीन लोगों की मौत हो गई। हादसे में बस में सवार 21 यात्री और एक कार में सवार चार लोग घायल हो गए।
पुलिस के मुताबिक, राष्ट्रीय राजमार्ग-34 पर बुधवार की शाम सुमेरपुर थाना क्षेत्र के गांव कुंडारा में महोबा डिपो की बस हमीरपुर से महोबा जा रही थी। वह सामने से आ रहे डीजल टैंकर से टकरा गयी। हादसा इतना भयावह था कि बस और टैंकर के अगले हिस्से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बस चालक और टैंकर चालक समेत तीन की मौत हो गई, जबकि बस में सवार 21 से अधिक यात्री घायल हुए हैं।घायलों को 108 एंबुलेंस और अन्य वाहनों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया।थाना प्रभारी पवन कुमार पटेल ने बताया कि दुर्घटना बेहद गंभीर है। प्रथम दृष्टया बस चालक और टैंकर चालक समेत तीन की मौत होने की सूचना मिली है। घायलों को अस्पताल भेजा गया है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। घायलों में परिचालक संग्राम यादव (31), आलोक (34) निवासी मौदहा, प्रिंस नायक (30) निवासी ग्योडी, राधा देवी (45) पत्नी विमल किशोर निवासी मौदहा, लेखपाल (57) पुत्र बाबू सिंह निवासी मौदहा, अनूप सिंह (40) निवासी सुमेरपुर, उनकी पत्नी लवली सिंह (35) एवं दो वर्षीय पुत्र, रजनी (37) पत्नी अनिल यादव निवासी बांदा, उनकी छह वर्षीय पुत्री लाडो, रामेश्वर (30) निवासी छतरपुर (मध्य प्रदेश), बृजेश द्विवेदी (45) निवासी सुमेरपुर, कमला देवी (65) निवासी मुख्यालय, निधि (37) पत्नी विकास सिंह निवासी सुमेरपुर, उनका पुत्र सक्षम (8), शिवचरण (40) निवासी धुन्धपुर, मूलचंद्र (65) निवासी छतरपुर (मध्य प्रदेश), नत्थू (65) निवासी इंगोहटा, आशीष वर्मा निवासी टेढ़ा तथा संजय वर्मा (45) निवासी सुमेरपुर सहित दो दर्जन से अधिक लोग शामिल हैं। क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात सामान्य कराने का प्रयास किया जा रहा है।
