
लोकभवन से प्राप्त जानकारी के अनुसार शपथ ग्रहण रविवार को सुबह 10 बजे चेन्नई के नेहरू स्टेडियम में होगा। राज्यपाल आर्लेकर ने विजय को 13 मई या उससे पहले तक विश्वास मत हासिल करने का समय दिया।
विजय ने राज्यपाल आर्लेकर से मुलाकात कर उन्हें वीसीके (विदुथलाई चिरूथईगल काची) और इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) से मिला समर्थन पत्र सौंपा जिसके बाद राज्यपाल ने उन्हें मुख्यमंत्री नियुक्त किया। वीसीके और आईयूएमएल के पास दो-दो सीट हैं। राज्यपाल ने आवश्यक समर्थन को लेकर विजय से करीब एक घंटे तक बातचीत की।
दोनों पार्टियों के समर्थन को मिलाकर तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) की सीट की संख्या अब 234 सदस्यीय विधानसभा में 120 हो गई है।
लोकभवन की एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, संविधान के प्रावधानों के तहत राज्यपाल आर्लेकर ने विजय को मुख्यमंत्री नियुक्त किया है। राज्यपाल ने विजय को मंत्रिमंडल के गठन के लिए भी आमंत्रित किया है।
इसके अलावा, आर्लेकर ने विजय को 13 मई या उससे पहले विश्वास मत हासिल करने का समय दिया।
विजय ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता के. सेल्वपेरुंथगई और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के राज्य सचिव पी. षणमुगम सहित सहयोगी दलों के नेताओं के साथ राज्यपाल से मुलाकात की।
टीवीके के संस्थापक नेता ने राज्यपाल से उन्हें सरकार बनाने के लिए औपचारिक रूप से आमंत्रित करने का आग्रह किया था।
विजय चौथी बार लोकभवन में राज्यपाल से मिलने पहुंचे थे।
इस बीच, टीवीके कार्यकर्ताओं ने पार्टी कार्यालय में पटाखे फोड़े, मिठाइयां बांटीं और बड़ी संख्या में इकट्ठा होकर जश्न मनाया।