वाशिंगटन: 23 जून (ए) अमेरिका के रक्षा मंत्रालय के मुख्यालय ‘पेंटागन’ ने सांसदों से कहा है कि उसे ईरान के खिलाफ अमेरिकी युद्ध में हुए खर्च की भरपाई के लिए लगभग 80 अरब अमेरिकी डॉलर की आवश्यकता है।
अमेरिकी राष्ट्रपति के कार्यालय एवं आधिकारिक आवास ‘व्हाइट हाउस’ प्रबंधन और बजट कार्यालय ने अभी तक इसके लिए संसद से कोई औपचारिक अनुरोध नहीं किया है लेकिन, रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ लगातार ‘कैपिटल हिल’ (संसद भवन परिसर) के चक्कर लगा रहे हैं।
नाम उजागर नहीं करने की शर्त पर दो अधिकारियों ने बताया कि एक वरिष्ठ मंत्री ने पिछले सप्ताह सांसदों को ईरान युद्ध के लिए अतिरिक्त धनराशि के अनुरोध के बारे में जानकारी दी थी।
अखबार ‘द वॉल स्ट्रीट जर्नल’ ने सबसे पहले इस घटनाक्रम की खबर दी थी।
ईरान युद्ध में हुए खर्च की भरपाई के लिए अरबों डॉलर की अतिरिक्त धनराशि की मांग की यह कवायद ऐसे समय में हो रही है जब राजनीतिक माहौल बेहद संवेदनशील है। सांसद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा युद्ध समाप्त करने के लिए ईरान के साथ किए गए समझौते को लेकर संशय में हैं और भविष्य में उठाए जाने वाले कदमों को लेकर भी सतर्क रुख अपनाए हुए हैं।
व्हाइट हाउस ने पेंटागन के लिए 1.5 हजार अरब अमेरिकी डॉलर की भारी-भरकम धनराशि का अनुरोध किया है।
सीनेट में बहुमत के नेता जॉन थ्यून ने कहा कि उन्हें अतिरिक्त व्यय संबंधी प्रस्ताव मिल सकता है। उन्होंने कहा, ‘‘जब यह प्रस्ताव आएगा, तब हम उस पर विचार करेंगे और देखेंगे कि उसे कितना समर्थन मिल पाता है।’’
