रात्रिभोज में घुसने की कोशिश करने वाले आरोपी के निशाने पर थे प्रशासनिक अधिकारी : ट्रंप

अंतरराष्ट्रीय
Spread the love

वाशिंगटन: 26 अप्रैल (एपी) अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार को कहा कि व्हाइट हाउस संवाददाता संघ (डब्ल्यूएचसीए) के रात्रिभोज में हथियारों के साथ घुसने की कोशिश करने वाला आरोपी ट्रंप प्रशासन के अधिकारियों को निशाना बनाना चाहता था और उसके परिवार ने पहले ही कानून प्रवर्तन एजेंसियों के समक्ष इसे लेकर चिंता जताई थी।

‘फॉक्स न्यूज चैनल’ को दिए साक्षात्कार में ट्रंप ने बताया कि आरोपी के परिवार ने कनेक्टिकट पुलिस को पहले ही सचेत किया था। यह घटना शनिवार रात वाशिंगटन के प्रतिष्ठित वार्षिक समारोह के दौरान हुई, जिससे अफरा-तफरी मच गई।

ट्रंप ने यह भी कहा कि इस संदिग्ध के परिवार ने कार्यक्रम से पहले ही कनेक्टिकट पुलिस से संपर्क कर उसके बारे में चिंता जताई थी।

अमेरिका की राजधानी वाशिंगटन में संवाददाताओं के लिए आयोजित एक हाई-प्रोफाइल रात्रिभोज के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गयी, जब बंदूक और चाकुओं से लैस एक व्यक्ति सुरक्षा घेरा तोड़कर उस क्षेत्र में घुस आया, जहां राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और कई वरिष्ठ अमेरिकी नेता मौजूद थे।

बहरहाल, सीक्रेट सर्विस के एजेंटों ने उसे घेरकर तुरंत हिरासत में ले लिया। गनीमत यह रही कि राष्ट्रपति ट्रंप सुरक्षित रहे और उन्हें तुरंत वहां से बाहर ले जाया गया।

घटना के दौरान वहां मौजूद मेहमान अपनी जान बचाने के लिए मेजों के नीचे छिप गए। कई लोगों ने बताया कि भूमिगत विशाल ‘बॉलरूम’ के बाहर गोली चलने जैसी आवाजें सुनाई दीं।