योगी ने महंगाई भत्ते में तीन प्रतिशत वृद्धि को बताया दीपावली का उपहार

उत्तर प्रदेश लखनऊ
Spread the love

लखनऊ: 28 अक्टूबर (ए) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को केंद्र सरकार के कर्मचारियों के महंगाई भत्ते और पेंशनभोगियों की महंगाई राहत में तीन प्रतिशत की वृद्धि करने के फैसले का स्वागत करते हुए इसे कर्मचारियों व पेंशनभोगियों के लिए ‘‘दीपावली का उपहार’’ बताया।

योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में आज केंद्रीय मंत्रिमंडल ने केंद्र सरकार के कर्मचारियों के महंगाई भत्ते और पेंशनभोगियों की महंगाई राहत में तीन प्रतिशत की अतिरिक्त वृद्धि को मंजूरी दी है। यह निर्णय अत्यंत सराहनीय है।”उन्होंने कहा कि एक जुलाई 2026 से प्रभावी यह वृद्धि 48.54 लाख केंद्रीय कर्मचारियों और 68.71 लाख पेंशनभोगियों के आर्थिक हितों की रक्षा करने तथा उनके जीवन को अधिक सुगम बनाने में सहायक सिद्ध होगी।

मुख्यमंत्री ने कहा, “दीपावली से पहले कर्मचारियों को यह उपहार देने के लिए आपका हार्दिक आभार, प्रधानमंत्री जी।”