उप्र : ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद ने भाजपा, सपा पर साधा निशाना; सामाजिक न्याय और रोजगार का वादा

उत्तर प्रदेश लखनऊ
Spread the love

लखनऊ: 26 नवंबर (ए)। ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) प्रमुख असदउद्दीन ओवैसी और आजाद समाज पार्टी-कांशीराम के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद ने बृहस्पतिवार को यहां सामाजिक परिवर्तन मोर्चा की पहली रैली में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और समाजवादी पार्टी (सपा) पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि दोनों दलों ने वंचित समुदायों के हितों की अनदेखी की है।

दोनों नेताओं ने उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव में गठबंधन की सरकार बनने पर राजनीतिक प्रतिनिधित्व, शिक्षा और रोजगार के अवसर बढ़ाने का वादा किया।

संविधान दिवस के अवसर पर आयोजित रैली को संबोधित करते हुए आजाद ने कहा कि सत्ता में आने पर उनकी सरकार पहली कैबिनेट बैठक में लाखों बेरोजगार युवाओं को स्थायी सरकारी नौकरी देने का फैसला करेगी।

उन्होंने कहा, ”सरकार बदलने दीजिए। हम पहली कैबिनेट बैठक में लाखों युवाओं को स्थायी नौकरी देंगे।”

सामाजिक परिवर्तन मोर्चा एआईएमआईएम और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) का गठबंधन है।

आजाद ने इसे राजनीतिक दलों के बजाय दिलों का गठबंधन बताते हुए कहा कि वंचित समुदायों को स्थापित राजनीतिक दलों पर निर्भर रहने के बजाय अपनी राजनीतिक ताकत बनानी चाहिए।

उन्होंने वादा किया कि मोर्चा की सरकार बनने पर एक मुस्लिम नेता, जिसे उन्होंने ”अब्दुल” कहकर संबोधित किया, उपमुख्यमंत्री बनाया जाएगा।

आजाद ने अति पिछड़ा वर्ग (ईबीसी) के एक नेता को भी उपमुख्यमंत्री बनाने की घोषणा की।

आजाद ने कहा कि बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर के अनुसार राजनीतिक सत्ता समस्याओं के समाधान की मास्टर चाबी है।

उन्होंने दावा किया कि अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग और अल्पसंख्यक समुदायों के 90 प्रतिशत लोग अब भी हाशिये पर हैं।

उन्होंने राज्य में पिछले एक दशक में 25 हजार से अधिक स्कूल बंद होने का आरोप लगाते हुए कमजोर वर्गों के लिए 15 प्रतिशत आरक्षण देने और किसानों तथा मजदूरों के खिलाफ दर्ज कथित झूठे मुकदमे वापस लेने का वादा किया।

आजाद ने संसद में पदोन्नति में आरक्षण के लिए विधेयक लाने की भी बात कही।

आजाद ने आरोप लगाया कि आरक्षित वर्गों के हजारों पद खाली पड़े हैं और सरकार ने ‘बैकलॉग’ रिक्तियों को भरने में विफलता दिखाई है।

उन्होंने बुलडोजर कार्रवाई और मुठभेड़ों में मुस्लिम, दलित और पिछड़े समुदायों को निशाना बनाए जाने का आरोप भी लगाया।

ओवैसी ने कहा कि भाजपा और सपा ने मुसलमानों को पर्याप्त राजनीतिक प्रतिनिधित्व नहीं दिया।

उन्होंने आरोप लगाया कि सपा मुस्लिम समुदाय से वोट मांगती है, लेकिन चुनावी राजनीति में उसे उचित हिस्सेदारी नहीं देती।

उन्होंने कहा कि न्याय संविधान के माध्यम से मिलेगा, ”बुलडोजर या मुठभेड़ों से नहीं।”

ओवैसी ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर संविधान के स्वतंत्रता, बंधुत्व, न्याय और समानता के सिद्धांतों के खिलाफ काम करने का आरोप लगाया।

ओवैसी ने कहा कि मोर्चा की सरकार बनने पर युवाओं को शिक्षा और रोजगार के अवसर दिए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि छात्रों को आईआईटी में पढ़ने का अवसर देने के साथ डॉक्टर और इंजीनियर बनाने पर जोर दिया जाएगा।

ओवैसी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर बेरोजगारी तथा सांप्रदायिक ध्रुवीकरण को लेकर निशाना साधा। उन्होंने मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर भी भाजपा सरकार की आलोचना की।

ओवैसी ने आजाद को गरीबों, शोषितों और वंचितों का प्रतिनिधित्व करने वाला नेता बताते हुए कहा कि वह उन्हें उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाने के लिए गठबंधन के साथ काम करेंगे।

उन्होंने कहा, ”मुझे विश्वास है कि अपनी एकता, दुआओं और मेहनत से हम चंद्रशेखर आजाद को उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाएंगे और भाजपा को तीसरी बार सरकार बनाने से रोकेंगे।”

‘