प्रतापगढ़: 26 मई (ए)
अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी क्षेत्र) बृजनंदन राय ने बताया कि महेशगंज थाना क्षेत्र के झिंगुर गांव के रहने वाले एक व्यक्ति ने सोमवार को शिकायत दर्ज कराई कि ‘कॉमेडियन सचिन’ नाम के एक सोशल मीडिया अकाउंट से लगातार देवी-देवताओं और एक विशेष समुदाय को निशाना बनाने वाले आपत्तिजनक वीडियो एवं टिप्पणियां पोस्ट की जा रही हैं।
राय के मुताबिक, शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 299 (किसी वर्ग के धर्म या धार्मिक आस्था का अपमान करके उसकी धार्मिक भावनाओं को आहत करना) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया।
राय ने बताया कि महेशगंज थाना प्रभारी संदीप तिवारी ने अन्य पुलिसकर्मियों के साथ मिलकर दो नामजद आरोपियों—सचिन गुप्ता और देवीदीन गौतम को गिरफ्तार कर लिया।
उन्होंने बताया कि सचिन महेशगंज थाना क्षेत्र के कुरमई गांव का निवासी है, जबकि देवीदीन प्रतापगढ़ जिले के संग्रामगढ़ थाना क्षेत्र के सुभाई का पुरवा का रहने वाला है।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपियों ने सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक वीडियो और टिप्पणियां पोस्ट करने की बात स्वीकार कर ली है। उसने बताया कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।