मुंबई: 31 अक्टूबर (ए) मुंबई के पश्चिमी उपनगर में एक महिला ने अपनी कार से कई वाहनों को कथित तौर पर टक्कर मारने के साथ ही पुलिसकर्मियों को कुचलने की कोशिश की और एक यातायात सिग्नल पर हंगामा भी किया। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के एक अधिकारी के अनुसार, घटना शुक्रवार रात करीब 8:30 बजे जुहू के संगीत भारती चौक सिग्नल के पास हुई। उन्होंने बताया कि महिला ने एक खड़ी कार को टक्कर मारने के बाद तेज रफ्तार से भागने की कोशिश की और इस दौरान उसने एक स्कूटर, एक मोटरसाइकिल और एक अन्य कार को भी टक्कर मार दी।
अधिकारी ने बताया कि महिला ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की ओर भी कार कथित तौर पर मोड़ने की कोशिश की।
उन्होंने कहा, ‘‘जब एक महिला पुलिसकर्मी ने हस्तक्षेप करते हुए उसे रुकने के लिए कहा और घटना का वीडियो बनाने लगी, तो महिला ने अपना मोबाइल फोन निकालकर पुलिसकर्मियों की रिकॉर्डिंग शुरू कर दी और हंगामा करने लगी।”
उन्होंने बताया कि बाद में एक पुलिस कांस्टेबल ने यातायात जाम हटाने के लिए महिला को अपनी कार सड़क किनारे लगाने का निर्देश दिया। पुलिस के अनुसार, मौके पर मौजूद कई लोगों ने अपने मोबाइल फोन से पूरी घटना का वीडियो बना लिया।
उन्होंने बताया कि टक्कर लगने से क्षतिग्रस्त हुई कार के मालिक की शिकायत पर जुहू पुलिस ने दुर्घटना और लापरवाही से वाहन चलाने के मामले में एक प्राथमिकी दर्ज की है। अधिकारियों ने बताया कि मामले की आगे की जांच की जा रही है
