इंदौर में 12 सितंबर को ‘छात्रों की गूंज’ में शामिल होंगे राहुल गांधी, 50,000 लोग जुटाने की तैयारी

इंदौर मध्य प्रदेश
Spread the love

इंदौर: 29 अगस्त (ए) लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी 12 सितंबर को मध्यप्रदेश के प्रमुख शैक्षणिक केंद्र इंदौर में कांग्रेस के प्रस्तावित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में शामिल होंगे और इसके लिए पार्टी करीब 50,000 विद्यार्थी जुटाने की कोशिश में है।

इंदौर शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने शनिवार को बताया कि राहुल गांधी छात्रों और युवाओं की समस्याओं को सुनने तथा शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को उठाने के लिए 12 सितंबर को शहर में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को संबोधित करेंगे।

चौकसे के मुताबिक, राहुल गांधी के प्रस्तावित कार्यक्रम में इंदौर और आस-पास के क्षेत्रों से करीब 50,000 विद्यार्थियों को शामिल करने की तैयारी की जा रही है।

‘छात्रों की गूंज’, कांग्रेस द्वारा शुरू किया गया विद्यार्थी-संवाद अभियान है, जिसके तहत देश के अलग-अलग शैक्षणिक केंद्रों में कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। विपक्षी दल इस अभियान के जरिये प्रश्नपत्र लीक, महंगी शिक्षा, सरकारी भर्तियों में अनियमितता और बेरोजगारी जैसे मुद्दों पर सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी को घेरने की कोशिश कर रहा है।