Site icon Asian News Service

नशे में धुत 17 लड़कों ने पति को बंधक बना महिला संग किया सामूहिक दुष्कर्म

Spread the love


दुमका,10 दिसम्बर एएनएस।
झारखंड के दुमका जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के एक गांव में 5 बच्चों की मां के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि इस घिनौनी वारदात को 17 लोगों ने अंजाम दिया। इस दौरान आरोपियों ने महिला के पति को बंधक बना लिया था। मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। साथ ही, आरोपियों को तलाशा जा रहा है। 
जानकारी के मुताबिक, पीड़िता के पति ने बताया कि उनके गांव में हर मंगलवार को बाजार लगता है। वह रात करीब आठ बजे अपनी पत्नी के साथ बाजार से घर लौट रहा था। रास्ते में नशे में धुत खड़े 17 लड़कों ने उन्हें पकड़ लिया और उसे बंधक बना लिया। साथ ही, उसकी पत्नी के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी भी दी। 
पीड़िता ने बताया कि वह दुष्कर्म करने वालों में शामिल राम मोहली को पहचानती है, लेकिन बाकी आरोपियों को पहचानने से उसने इनकार कर दिया। जिले में सामूहिक दुष्कर्म की जानकारी मिलने के बाद डीआईजी और एसपी मुफ्फसिल थाना ने पीड़िता से मुलाकात की। उन्होंने बताया कि महिला के बयान पर मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है।
दुमका गैंगरेप पर भाजपा प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने राज्य सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि इसे जंगलराज नहीं कहेंगे, तो क्या कहेंगे? बहू-बेटियां सुरक्षित नहीं हैं। उनकी इज्जत लगातार लूटी जा रही है। दरिंदगी की सारी हदें पार हो रही हैं। ऐसे वहशी दरिंदों के मन से कानून का खौफ निकल रहा है। इसके लिए कौन जिम्मेदार है?

Exit mobile version