बिस्तर में आग लगने से 95 वर्षीय महिला की मौत, परिजनों का दावा, ‘पटाखे से लगी आग’

इंदौर मध्य प्रदेश
Spread the love

इंदौर: 10 नवंबर (ए) मध्यप्रदेश के इंदौर में सोमवार देर रात बिस्तर में आग लगने से 95 वर्षीय महिला की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। पुलिस की एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी के मुताबिक, वृद्धा के परिजनों का दावा है कि उसके बिस्तर में आग पटाखे के कारण लगी थी, हालांकि पुलिस इस घटना की सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।

सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) रुबीना मिजवानी ने बताया कि हीरा नगर थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात गुल बाई (95) के बिस्तर में आग लगी, जिसमें उनके शरीर का निचला हिस्सा बुरी तरह झुलस गया।

उन्होंने बताया कि बुजुर्ग महिला के परिजन उन्हें शासकीय महाराजा यशवंतराव चिकित्सालय ले गए, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।

मिजवानी ने बताया,‘‘आग लगने के वक्त महिला तीन मंजिला मकान की सबसे ऊपरी मंजिल पर चटाई के बिस्तर पर लेटी थी। परिजनों ने बताया कि अधिक उम्र के कारण वह चलने-फिरने में असमर्थ थी।’’

उन्होंने बताया कि परिजनों का कहना है कि वृद्धा के बिस्तर में आग पटाखे के कारण लगी।

एसीपी ने बताया,‘‘पुलिस सभी पहलुओं पर घटना की जांच कर रही है और किसी भी नतीजे पर पहुंचने से पहले पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।’’