पाकिस्तान में सामूहिक दुष्कर्म मामले में उप प्रधानमंत्री इशाक डार के पोते समेत आठ पर आरोप तय

अंतरराष्ट्रीय
Spread the love

लाहौर, 11 नवंबर (ए) पाकिस्तान की एक अदालत ने दो विदेशी महिलाओं से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में उप प्रधानमंत्री एवं विदेश मंत्री इशाक डार के पोते समेत आठ आरोपियों के खिलाफ आरोप तय किए हैं। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।

अदालत के एक अधिकारी ने बताया कि लाहौर के अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश रफाकत अली गोंडाल ने मंगलवार को आरोपियों के खिलाफ आरोप तय किए। सभी आरोपियों ने खुद को निर्दोष बताया है। न्यायाधीश ने अभियोजन पक्ष को नौ दिसंबर को गवाह पेश करने का निर्देश दिया ताकि मुकदमे की औपचारिक सुनवाई शुरू की जा सके।

सभी आरोपी फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं और आरोप तय किए जाने की कार्यवाही के लिए उन्हें अदालत में पेश किया गया था।

यह विडंबना ही है कि इस मामले में पंजाब पुलिस पहले ही इशाक डार के पोते रजा डार और उसके चार दोस्तों को आरोपों से बरी कर चुकी थी। पुलिस ने न केवल उन्हें दुष्कर्म के आरोपों से मुक्त किया, बल्कि रजा डार के यहां काम करने वाले तीन कम वेतन पाने वाले कर्मचारियों पर महिलाओं से दुष्कर्म का आरोप लगाया था। पुलिस ने यह रिपोर्ट पहले अदालत में दाखिल की थी।

आरोप है कि इस साल जून में कारोबारी यात्रा पर लाहौर पहुंचीं नीदरलैंड और वेनेजुएला की दो महिलाओं का रजा डार और उसके चार दोस्तों ने अपहरण कर उनके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया था।

चिकित्सकीय जांच में दोनों महिलाओं से दुष्कर्म की पुष्टि हुई थी। बयान दर्ज कराने के बाद दोनों अपने अपने देश लौट गई थीं।पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, महिलाओं ने बताया कि उनकी मुलाकात 2025 में सिंगापुर में रजा डार से हुई थी। उन्होंने उसे क्रिप्टोकरेंसी के कारोबार में निवेश करने का प्रस्ताव दिया था। शुरुआती निवेश पर मुनाफा मिलने के बाद रजा डार ने पांच लाख अमेरिकी डॉलर से अधिक का निवेश किया था।

पुलिस रिपोर्ट में कहा गया है कि इस बार महिलाओं ने न तो कोई मुनाफा दिया और न ही निवेश की रकम लौटाई। इसके बाद रजा डार ने इस साल जून में किसी अन्य निवेशक से मुलाकात कराने के बहाने दोनों महिलाओं को पाकिस्तान बुलाया। वे इस्लामाबाद के एक होटल में ठहरीं और अपनी मर्जी से मुरी के पहाड़ी पर्यटन स्थल भी गईं।

बाद में महिलाओं को लाहौर के डिफेंस हाउसिंग अथॉरिटी इलाके में स्थित एक मकान में ले जाया गया, जहां कथित तौर पर उन्हें बंधक बनाकर रकम लौटाने का दबाव डाला गया। पुलिस के मुताबिक, महिलाओं से जबरन 19,500 अमेरिकी डॉलर भी हस्तांतरित कराए गए।

पुलिस ने बताया कि हथियारबंद लोग मकान में महिलाओं पर नजर रख रहे थे। उन्होंने चाकू, बंदूक और टूटे हुए शीशे के टुकड़े से उन्हें धमकाया तथा मांग पूरी नहीं करने पर हत्या कर शव के अंग बेचने की चेतावनी दी।

पुलिस के अनुसार, अपहरणकर्ता जब महिलाओं को लाहौर हवाई अड्डे ले जा रहे थे, तभी रास्ते में उनका वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया और दोनों महिलाएं वहां से भागने में सफल रहीं।