सीमा पार हथियार तस्करी मॉड्यूल का पर्दाफाश, 10 पिस्तौल जब्त, तीन लोग गिरफ्तार

राष्ट्रीय
Spread the love

चंडीगढ़: 27 अक्टूबर (ए) पंजाब के अमृतसर स्थित राज्य पुलिस की ‘काउंटर इंटेलिजेंस’ (सीआई) शाखा ने हथियारों की सीमा-पार से अवैध तस्करी करने वाले एक मॉड्यूल का पर्दाफाश करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने उनके पास से 10 विदेशी अत्याधुनिक .30 बोर की पिस्तौल और मैगजीन बरामद की हैं।

मंगलवार को जारी एक आधिकारिक बयान के अनुसार, गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान दलजीत सिंह, गुरजंत सिंह और अर्शदीप सिंह के रूप में हुई है। पिस्तौल बरामद करने के अलावा पुलिस टीमों ने अवैध हथियारों के परिवहन में इस्तेमाल की जा रही उनकी मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया है।

पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि गिरफ्तार आरोपी विदेश में बैठे एक आका के संपर्क में थे। उन्होंने बताया कि वह पुलिस की निगरानी से बचने के लिए ‘एन्क्रिप्टेड कम्यूनिकेशन प्लेटफॉर्म’ (सुरक्षित एवं कूटबद्ध संदेश भेजने वाले ऐप) का इस्तेमाल कर रहा था और अवैध हथियारों की खेप पहुंचाने में मदद कर रहा था।

डीजीपी ने बताया कि इन हथियारों को एक संगठित नेटवर्क के जरिए आपराधिक तत्वों को सौंपा जाना था।