नयी दिल्ली: 27 अक्टूबर (ए) दिल्ली में मंगलवार की सुबह ठंड रही और न्यूनतम तापमान 15.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो तीन साल में अक्टूबर का सबसे कम न्यूनतम तापमान है। इस बीच, शहर की वायु गुणवत्ता भी ‘खराब’ श्रेणी के करीब पहुंच गई और शाम चार बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 197 दर्ज किया गया।
सफदरजंग मौसम केंद्र में न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.9 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार पिछले 24 घंटों में सफदरजंग में न्यूनतम तापमान भी 0.9 डिग्री गिर गया।
विभाग के अनुसार, सफदरजंग में अधिकतम तापमान 31.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.3 डिग्री कम है।
मंगलवार अपराह्न चार बजे दिल्ली की वायु गुणवत्ता ‘मध्यम’ श्रेणी में रही, जिसमें 24 घंटे का औसत एक्यूआई 197 दर्ज किया गया। यह ‘खराब’ श्रेणी के करीब था।
बाद में एक्यूआई और खराब होकर ‘खराब’ श्रेणी में आ गया तथा शाम सात बजे तक 218 पर पहुंच गया।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, शहर में सोमवार को एक्यूआई 174 और रविवार को 153 दर्ज किया गया था।
सीपीसीबी के मानकों के अनुसार, शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को ‘अच्छा’, 51 से 100 को ‘संतोषजनक’, 101 से 200 को ‘मध्यम’, 201 से 300 को ‘खराब’, 301 से 400 को ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 को ‘गंभीर’ माना जाता है।
शहर के 55 वायु गुणवत्ता निगरानी केंद्रों में से 27 ने आज खराब वायु गुणवत्ता दर्ज की, जबकि घोघा में वायु गुणवत्ता संतोषजनक रही। बाकी केंद्रों पर वायु गुणवत्ता मध्यम दर्ज की गई। जहांगीरपुरी में सबसे अधिक एक्यूआई 280 दर्ज किया गया।
मौसम केंद्रों में पालम में अधिकतम तापमान 29.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.2 डिग्री कम है। इस केंद्र पर न्यूनतम तापमान 15.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2.3 डिग्री कम है।
लोधी रोड पर अधिकतम तापमान 31.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.8 डिग्री कम है। इस केंद्र पर न्यूनतम तापमान 15.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.4 डिग्री कम है।
दिल्ली में वायु गुणवत्ता प्रबंधन के लिए ‘डिसीजन सपोर्ट सिस्टम’ के अनुसार, शहर के प्रदूषण में परिवहन का योगदान सबसे अधिक (21.3 प्रतिशत) रहा। आवासीय स्रोतों का योगदान 5.4 प्रतिशत और दिल्ली तथा इसके आसपास के उद्योगों का योगदान 4.8 प्रतिशत रहा।
आंकड़ों से पता चला है कि निर्माण कार्य का योगदान 3 प्रतिशत, ऊर्जा स्रोतों का 2.1 प्रतिशत, कचरा जलाने का दो प्रतिशत, सड़क की धूल का 1.5 प्रतिशत और अन्य क्षेत्रों का 1.4 प्रतिशत रहा।
मौसम विभाग ने कल के लिए मुख्य रूप से साफ आसमान रहने का अनुमान जताया है, जो दोपहर या शाम तक आंशिक रूप से बादल छाए रहने की स्थिति में बदल सकता है। कल न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। इसके अलावा, 29 और 30 अक्टूबर को बारिश के साथ आंधी-तूफान आने का भी अनुमान है।
